जयपुर। राजस्थान सरकार के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए कृषि विभाग ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती-2024 के तहत 460 अभ्यर्थियों की नियुक्ति का आदेश जारी किया है। कृषि आयुक्तालय, राजस्थान की ओर से कृषि आयुक्त श्री नरेश कुमार गोयल ने नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किए हैं।
कृषि आयुक्त गोयल ने बताया कि चयन प्रक्रिया के तहत गैर अनुसूचित क्षेत्र के 428 तथा अनुसूचित क्षेत्र के 32 अभ्यर्थियों, कुल 460 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन कर नियुक्ति की अभिशंसा की गई है। यह नियुक्तियां राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर द्वारा आयोजित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती-2024 के अंतर्गत की गई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक सुधार (अनुभाग-3) विभाग द्वारा जारी पत्र के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अभिशंसा प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की गई। अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत सहमति पत्र के आधार पर कुल 407 अभ्यर्थियों—गैर अनुसूचित क्षेत्र के 383 एवं अनुसूचित क्षेत्र के 24 अभ्यर्थियों—को विभिन्न कार्यालयों में पदस्थापित किया गया है।
नियुक्त अभ्यर्थियों को राजस्थान सिविल सेवा (संशोधित वेतनमान) नियम, 2017 के प्रावधानों के अनुसार दो वर्ष की अवधि के लिए परिवीक्षाधीन प्रशिक्षणार्थी के रूप में नियुक्त किया गया है। इस दौरान उन्हें पे-मैट्रिक्स लेवल-02 के अंतर्गत ₹12,600 प्रतिमाह नियत पारिश्रमिक देय होगा।
कृषि आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा विभिन्न विभागों में आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कृषि विभाग में 460 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति से विभागीय कार्यों को गति मिलने के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ है। 460 युवाओं को नियुक्ति का यह निर्णय रोजगार सृजन और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.


