जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) में पुनर्भरण भुगतान में देरी को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। गहलोत ने सवाल उठाया कि आखिर RGHS से भाजपा सरकार को क्या दुश्मनी हो गई है, जो इलाज के बाद अपने ही पैसे वापस पाने के लिए बुजुर्ग पेंशनर्स को दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
गहलोत ने कहा कि RGHS से करीब 13.65 लाख परिवार जुड़े हुए हैं। वर्ष 2025-26 में ही 92.76 लाख दावों पर 2,440.69 करोड़ रुपए खर्च दर्ज हुआ है। वहीं योजना में कुल बकाया भुगतान का आंकड़ा 1,000 करोड़ रुपए से अधिक पहुंचने की बात सामने आ रही है। हालिया रिपोर्टों में भी RGHS के भुगतान में देरी और पेंशनर्स की परेशानी का मुद्दा सामने आया है।
इलाज के बाद अब अपने ही पैसे के लिए इंतजार
गहलोत ने कहा कि सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग पेंशनर्स को उठानी पड़ रही है। गंभीर बीमारियों का इलाज कराने वाले कई पेंशनर्स अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी इलाज में लगा चुके हैं। इसके बाद पुनर्भरण के लिए महीनों से इंतजार करना पड़ रहा है। किसी की फाइल आपत्ति में अटकी है तो किसी का दावा मंजूर होने के बावजूद भुगतान का इंतजार खत्म नहीं हो रहा।
उन्होंने कहा कि उम्रदराज पेंशनर्स के लिए बार-बार कार्यालयों और पोर्टल के चक्कर लगाना बेहद मुश्किल है। RGHS की आधिकारिक वेबसाइट पर भी पेंशनर्स के लिए अलग हेल्पडेस्क और 181 हेल्पलाइन उपलब्ध है।
‘जनता का सरकार पर भरोसा टूट रहा’
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ऐसी स्थिति से जनता का सरकार पर भरोसा कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि पहले लोग सरकार की स्वास्थ्य योजना पर भरोसा करते हुए गंभीर बीमारी में इलाज कराने का निर्णय लेते थे, लेकिन अब भुगतान में देरी के कारण मरीज और उनके परिवार अस्पताल जाने से पहले भी कई बार सोचने को मजबूर हैं।
गहलोत ने भाजपा सरकार से मांग की कि RGHS के लंबित पुनर्भरण का तत्काल भुगतान किया जाए, पेंशनर्स की लंबित फाइलों का समयबद्ध निस्तारण हो और योजना की पूरी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार को भाषणों और दावों से आगे बढ़कर धरातल पर परेशान पेंशनर्स की सुध लेनी चाहिए और उन्हें उनके हक का पैसा जल्द उपलब्ध कराना चाहिए।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.





