जयपुर में तेज एंडेवर कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा करीब 50 फीट दूर जाकर गिरा। तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
एंडेवर गाड़ी सड़क पर पहले से पलटी थार से टकरा कर पास से गुजर रहे ई रिक्शा को चपेट में ले लिया। ई रिक्शा को टक्कर मारने के बाद एंडेवर भी पलट गई। एंडेवर गाड़ी कांग्रेस के पूर्व मंत्री अशोक चांदना की पत्नी ललिता चांदना के नाम से रजिस्टर्ड है।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मजदूरों को एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचाया। दो मजदूरों की हालत गंभीर है। थार और एंडेवर में सवार लोग गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। थार में युवतियां सवार थीं।
हादसा रविवार रात करीब 1:30 बजे मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के नीचे मुख्य रास्ते पर हुआ। घायल मजदूर पार्टी में आइसक्रीम सप्लाई करके आ रहे थे।

हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र पाल ने बताया- गुर्जर की थड़ी की ओर से आ रही तेज रफ्तार थार गाड़ी मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान 200 फीट की ओर से आ रही एंडेवर कार थार से टकरा कर पास से निकल रहे ई रिक्शा को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद दोनों गाड़ियों में सवार लोग और ड्राइवर मौके से फरार हो गए।
हादसे में तीनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जिन्हें पुलिस ने अपनी कब्जे में ले लिया। वहीं हादसे में गंभीर घायल तीन मजदूर शंकर सिंह (50), मुकेश जावली (48) निवासी लक्ष्मणगढ़ अलवर और उमाशंकर (48) निवासी जनता कॉलोनी आदर्श नगर को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। उनका इलाज चल रहा है। इनमें से दो की हालत गंभीर है।
कॉन्स्टेबल सरजीत ने बताया- तीन मजदूर पार्टी में आइसक्रीम सप्लाई करके ई रिक्शा से आ रहे थे। हादसे की सूचना मिलने पर मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने थार और एंडेवर दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया है। फरार ड्राइवरों की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

एंडेवर पर ओवरस्पीड के 18 से अधिक चालान
मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद के अनुसार- हादसे में शामिल एंडेवर गाड़ी कांग्रेस के पूर्व मंत्री अशोक चांदना की पत्नी ललिता चांदना के नाम से रजिस्टर्ड है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक- एंडेवर पर पहले से ओवरस्पीड के 18 से अधिक चालान दर्ज हैं। वहीं हादसे में शामिल थार गाड़ी पर भी ओवरस्पीड के चार से ज्यादा चालान दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.





