जयपुर के एक होटल में स्टूडेंट ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मरने से पहले इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगाया, जिसमें लिखा- अब मेरा लास्ट समय आ गया है। मैं अपने मां-बाप की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया। अब मैं और नहीं जीना चाहता। होटल का नाम-एड्रेस लिखकर सुसाइड करने की बात लिखी। सूचना पर परिजन होटल पहुंचे तो स्टूडेंट फंदे से लटका मिला।
स्टूडेंट राकेश (22) पुत्र गणेश जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के नरैना का रहने वाला था। जयपुर में पीजी में रहकर कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रहा था। मामला वैशाली नगर थाना क्षेत्र के खातीपुरा तिराहे के पास स्थित होटल गर्वित का रविवार रात का है।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, मोबाइल बंद
वैशाली नगर थाने के ASI मुकेश ने बताया- राकेश जयपुर में पीजी में रहकर कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रहा था। उसने रविवार रात करीब 10 बजे सिरसी रोड पर खातीपुरा तिराहे के पास स्थित होटल गर्वित में रूम रेंट पर लिया था। होटल कर्मियों से कहा- सुबह 6-7 बजे दोस्तों के मिलने आने पर चेकआउट के समय रूम रेंट के 1 हजार रुपए दे दूंगा।
ASI मुकेश ने बताया- रात करीब 1 बजे राकेश ने इंस्टाग्राम पर अपनी मौत की स्टेट्स लगाया। जिसमें लिखा- अब मेरा लास्ट समय आ गया है। अब मैं आपकी कोई मदद नहीं कर पाऊंगा। मैं अपने मां-बाप की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया। अब मैं और नहीं जीना चाहता।
होटल का नाम-एड्रेस लिखकर सुसाइड करने की बात लिखी। इसके बाद चचेरे भाई मंगल चंद ने स्टेटस देखकर राकेश को कॉल किया, लेकिन उसने कॉल नहीं उठाया। मंगल चंद ने पुलिस को बताया- मैंने बार-बार कॉल कर राकेश से बात करने की कोशिश की। इस पर राकेश ने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया।
गेट का लॉक तोड़कर घुसे
पुलिस के अनुसार- सुसाइड के लिए राकेश रस्सी खरीदकर अपने बैग में रखकर लाया था। उसी रस्सी से होटल के कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। रात करीब 2:30 बजे चचेरा भाई मंगल चंद अपने दो-तीन परिचितों को लेकर ढूंढते हुए होटल पहुंचा। होटल प्रशासन ने राकेश के रूम में होने की जानकारी दी।
इस पर मंगल ने राकेश को काफी आवाज लगाने के साथ गेट खटखटाया। अंदर से जबाव नहीं मिलने पर गेट का लॉक तोड़ा। देखा तो राकेश फंदे से लटका हुआ था। सुसाइड की सूचना पर वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। वैशाली नगर थाना पुलिस ने सोमवार दोपहर कांवटिया हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.





