जयपुर में 20 सेकेंड में बाइक चोरी का मामला सामने आया है। पहले नकाबपोश बदमाशों ने अंधेरे में खड़े होकर रेकी की और फिर मास्टर चाबी पर पत्थर मारकर बाइक का लॉक तोड़ा। इसके बाद बाइक स्टार्ट कर ले गए। कंपनी की पार्किंग में लगे CCTV फुटेज में बाइक चोर की करतूत कैद हो गई। शिवदासपुरा थाना पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।
हेड कॉन्स्टेबल सुरेश सिंह ने बताया- रामनगरिया निवासी ओमप्रकाश चौहान (21) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया- वह शिवदासपुरा स्थित विधाणी में एक कंपनी में जॉब करते हैं। रोज की तरह मंगलवार रात करीब 9:15 बजे नाइट ड्यूट पर कंपनी आए थे। यहां कंपनी की पार्किंग में बाइक खड़ी की और अंदर चले गए। देर तक ब्रेक टाइम में बाहर आने पर पार्किंग में खड़ी बाइक गायब मिली।
CCTV में कैद मिली करतूत
पार्किंग में लगे CCTV फुटेज खंगालने पर बाइक चोर की करतूत कैद मिली। रात करीब 11:15 बजे बाइक पर 3 बदमाश आकर अंधेरे में खड़े हो गए। अंधेरे में खड़े होकर बदमाशों ने पहले रेकी की। इसके बाद एक बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर और हाथ में बड़ा पत्थर लेकर बाइक के पास आया। गेट के अंदर इधर-उधर देखने के बाद मास्टर चाबी पर पत्थर से जोर से दो वार कर बाइक का लॉक तोड़ दिया। इसके बाद बदमाश बाइक स्टार्ट कर बाइक चोरी कर ले गया। बाइक चोरी का पता चलने पर शिवदासपुरा थाने में फुटेज के आधार पर मामला दर्ज करवाया।






