जयपुर, 23 मई। प्रमुख शासन सचिव पशुपालन विभाग श्री विकास एस भाले की अध्यक्षता में बुधवार को पशुपालन निदेशालय में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभागीय गतिविधियों और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रमुख शासन सचिव श्री भाले ने मत्स्य पशुपालन, गोपालन एवं डेयरी विभाग को निर्देश दिए कि स्थानांतरण संबंधी अपने प्रस्ताव का प्रारूप एक सप्ताह में तैयार कर प्रशासनिक विभाग को भिजवा दें ताकि स्थानांतरण पॉलिसी का अनुमोदन मंत्रालय स्तर से प्राप्त किया जाकर प्रशासनिक सुधार को भिजवाया जा सके। उन्होंने सभी विभागों को अपने अपने प्रस्तावों की आवश्यकता के अनुरूप सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के साथ मिलकर ऑनलाइन पोर्टल बनाने के भी निर्देश दिए।
श्री भाले ने कहा कि सभी विभाग अपने विकसित राजस्थान 2047 के प्रस्ताव को अंतिम रूप देने से पहले पशुपालकांे, स्वयंसेवी संस्थाओं, विभिन्न बोर्ड, विभाग, राजूवास, डेयरी आदि के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावों पर सात दिनों में चर्चा कर उनके सुझावों को भी विकसित राजस्थान 2047 के प्रस्ताव में शामिल करें। उन्होंने विभाग के कार्मिकों की लंबित डी. पी. सी. को भी आगामी एक महीने में आयोजित करने के निर्देश विभाग प्रमुखों को दिए।
उन्होंने निर्देश दिया कि डार्क जोन और हार्ड एरिया का निर्धारण करते समय वहां पर अधिक संख्या में रिक्त रहने वाले पदों की स्थिति, विषम परिस्थितियों और विभाग द्वारा निर्धारित अन्य मापदण्डों का ध्यान रखा जाना चाहिए।
बैठक में शासन उप सचिव, पशुपालन, श्रीमती संतोष करोल, निदेशक मत्स्य विभाग, श्रीमती अल्पा चौधरी, निदेशक पशुपालन, डॉ भवानी सिंह राठौड़, अतिरिक्त निदेशक योजना एवं पर्यवेक्षण, डॉ आनंद सेजरा, प्रबंधक आर सी डी एफ, श्री संतोष कुमार शर्मा एवं उपनिदेशक मत्स्य, श्री अमित पुरोहित ने भाग लिया।





