जयपुर में टेंट की दुकान में रविवार सुबह आग लग गई। आग से दुकान में रखे सामान के साथ गैंस सिलेंडर के चपेट में आने से ब्लॉस्ट हो गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर लोगों में दहशत फैल गई। बगरू थाना पुलिस ने फायर बिग्रेड की पांच गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से टेंट दुकान में लाखों रुपए का नुकसान हो गया। पुलिस प्रथमदृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगना मान रही है।
SHO (बगरू) हरीश चन्द्र सोलंकी ने बताया- बड़ के बालजी के पास टेंट की दो दुकानों में सुबह करीब 9 बजे आग लगी थी। बंद दुकान में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से आग लगने से धुआं उठने लगा। दुकान में रखे सामान के आग पकड़ने पर देखते ही देखते आग पर भीषण रूप ले लिया। टेंट दुकान में आग लगने की सूचना पर बगरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना देकर फायर बिग्रेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाया। फायर बिग्रेड की 5 गाड़ियों की मदद से करीब 1 घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है- कि दुकान में गैस के सिलेंडर रखे हुए थे। आग की चपेट में आने से दुकान में रखे एक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। तेज धमाके के साथ सिलेंडर के फटने से लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस का कहना है- आग लगने की सूचना पर पुलिस व दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए थे। उनके पहुंचने से पहले कोई सिलेंडर फट गया हो तो उसकी जानकारी की जा रही है। आग लगने के दौरान गैस के एक सिलेंडर को फटने से पहले निकाल लिया गया था। दुकान में आग से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि होने की बात से इनकार किया गया है।






