जयपुर में टेंट की दुकान में रविवार सुबह आग लग गई। आग से दुकान में रखे सामान के साथ गैस सिलेंडर का चपेट में आ गया और ब्लास्ट हो गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर लोगों में दहशत फैल गई। बगरू थाना पुलिस ने फायर बिग्रेड की 5 गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से टेंट दुकान में लाखों रुपए का नुकसान हो गया। पुलिस ने बताया- दृष्टया शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है।

SHO (बगरू) हरीश चंद्र सोलंकी ने बताया- बड़ के बालाजी के पास टेंट की दो दुकानों में सुबह करीब 9 बजे आग लगी थी। बंद दुकान में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से आग लग गई और धुआं उठने लगा। कुछ देर में दुकान में रखे सामान ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। टेंट की दुकान में आग लगने की सूचना पर बगरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत दमकल विभाग को सूचना देकर फायर बिग्रेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाया। फायर बिग्रेड की 5 गाड़ियों की मदद से करीब 1 घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान में गैस के सिलेंडर रखे हुए थे। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा एक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग की लपटें बहुत ऊपर तक गई। तेज धमाके के साथ सिलेंडर के फटने से लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने बताया है किआग लगने की सूचना पर पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए थे। उनके पहुंचने से पहले कोई सिलेंडर फट गया हो तो उसके बारे में जानकारी की जा रही है। आग लगने के दौरान गैस के एक सिलेंडर को फटने से पहले निकाल लिया गया था। दुकान में आग से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हादसे में किसी प्रकार की जन हानि नहीं हुई।





