जयपुर, 12 जून, बुधवार। ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर आज ए.सी.बी. की विभिन्न टीमों द्वारा जयपुर, झुंझुनूं, जोधपुर में कार्यवाही करते हुये भोमाराम अतिरिक्त रजिस्ट्रार, सहकारिता विभाग, जयपुर हाल प्रतिनियुक्ति प्रबंध निदेशक राजस्थान स्टेट कॉपरेटिव बैंक लिमिटेड, जयपुर (एपेक्स बैंक) के विरूद्ध दर्ज आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने के प्रकरण में आरोपी के जयपुर, झुंझुनूं, जोधपुर में स्थित 4 विभिन्न ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि ब्यूरो मुख्यालय को एक शिकायत प्राप्त हुई थी कि भोमाराम अतिरिक्त रजिस्ट्रार, सहकारिता विभाग, जयपुर हाल प्रतिनियुक्ति प्रबंध निदेशक राजस्थान स्टेट कॉपरेटिव बैंक लिमिटेड, जयपुर (एपेक्स बैंक) द्वारा भ्रष्टाचार के साधनों से अपने एवं अपने परिजनों के नाम से अपनी वैध आय से आनुपातिक रूप से अधिक सम्पत्तियाँ अर्जित की है। ए.सी.बी. जयपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस श्री रणधीर सिंह के सुपरवीजन में शिकायत का सत्यापन किया जाकर भ्रष्टाचार का मामला बनना पाये जाने पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप सारस्वत द्वारा सक्षम न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त किया जाकर आज ए.सी.बी. की विभिन्न टीमों के साथ अलसुबह आरोपी के जयपुर, झुंझुनूं, जोधपुर में स्थित 4 विभिन्न ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई की गई।
तलाशी में आरोपी भोमाराम के ठिकानों से आवासीय / व्यावसायिक भूखण्डों के 7 पट्टे, सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य चल-अचल परिसम्पत्तियों के दस्तावेज मिले हैं। इसके अतिरिक्त बैंक खाते भी मिले हैं। खींवसर, नागौर में आरोपी की पत्नी के नाम संचालित एक पेट्रोल पम्प एवं निर्माणाधीन होटल भी मिला है। ब्यूरो के प्राथमिक आकलन एवं अब तक मिले दस्तावेजों के अनुसार आरोपी भोमाराम द्वारा अपने एवं परिजनों के नाम से अनेक परिसम्पत्तियां अर्जित करने का अनुमान है, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करोड़ों रुपये है। उक्त चल-अचल परिसम्पत्तियाँ उसकी वैध आय के आनुपातिक रूप से अधिक है।
एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में ए.सी.बी. की विभिन्न टीमों द्वारा आरोपी के ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है। मामले में ए.सी.बी द्वारा आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने के प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान किया जावेगा।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक महानिदेशक श्री डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने समस्त प्रदेशवासियों से अपील की है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की हैल्पलाईन नं. 1064 एवं Whatsapp हैल्पलाईन नं. 94135-02834 पर 24X7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी मदद करेगी।






