जयपुर, 30 अक्टूबर। पुलिस आयुक्त, जयपुर बीजू जार्ज जोसफ के निर्देशन में जयपुर शहर में यातायात के सुगम एवं सुरक्षित संचालन हेतु बेहतर प्रयास एवं नवाचार किये जा रहे है।
इसी कडी में आज अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात एवं प्रशासन प्रीति चन्द्रा द्वारा जयपुर शहर के व्यापार मण्डल के प्रतिनिधियो के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न बिन्दूओ पर चर्चा कर में विशेष दिशा-निर्देश दिये गये।
• व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ यातायात पुलिस के नवाचार मैपल्स मैप माई इंडिया की जानकारी साझा की गई साथ ही इस एप की उपयोगिता के सम्बंध में बताया गया।
• चारदिवारी में आने वाले पर्यटकों/खरीददारों / व्यापारियों एवं स्थानीय निवासियों के वाहनों पर चर्चा कर निर्देश दिये गये कि व्यापारियों के वाहनों को रामनिवास बाग में भूमिगत पार्किंग में पार्क किये जाने हेतु व्यक्तिगत समझाईश की जावे ताकि पर्यटकों/खरीददारों के वाहनों हेतु पार्किंग उपलब्ध हो सके।
• मुख्य मार्ग पर दुकानों के व्यापारियों / व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों से व्यक्तिगत सम्पर्क कर दुकान के सामने अतिक्रमण नहीं करने अपना वाहन निर्धारित स्थान पर पार्किंग करने हेतु समझाईश निरन्तर जारी रखे जाने के निर्देश दिये गये।
चारदीवारी क्षेत्र के मुख्य बाजारों में से एक बाजार को मॉडल बाजार के रूप में विकसित किये जाने पर चर्चा कि गई जिस हेतु व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया।
• व्यापारियों द्वारा पहल कर ग्राहकों को मुख्य बाजरों में अधिक से अधिक पैदल चलने हेतु जागरूक किया जाये।
• मुख्य बाजारों यथा चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, बडी चौपड़ जौहरी बाजार आदि स्थानों पर यातायात का दबाव को कम करने हेतु ई-रिक्शाओ का सुव्यस्थित संचालन करवाया जाये। बैठक में सुभाष गोयल, अध्यक्ष जयपुर व्यापार महासंघ, सुरेश सैनी, महामंत्री, जयपुर व्यापार मण्डल महासंघ, अमित जोशी, उपाध्यक्ष, जयपुर व्यापार महासंघ, सौभाग अग्रवाल, अमित कामदार, सचिन गुप्ता, श्रीधर गुप्ता, हरीश केडिया उपस्थित रहे।






