*न्यूज इन राजस्थान दौसा/जयपुर(सुनील शर्मा)*
दौसा जिले की मेहंदीपुर थाना पुलिस की टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के एक बदमाश जशनप्रीत सिंह पुत्र सरदूल सिंह मजबी सिख (19) निवासी गुरू की बडाली थाना छेहरटा अमृतसर पंजाब को गिरफ्तार कर हथियारों की खेप,चार अवैध पिस्टल, 6 मैगजीन एवं 18 कारतूस बरामद किये हैं।
एसपी रंजीता शर्मा ने बताया कि आईजी रेंज अनिल कुमार टांक के निर्देश पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम एवं सक्रिय बदमाशों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है।अभियान के अंतर्गत रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि जग्गू भगवानपुरिया गिरोह का एक बदमाश हथियारों के साथ किसी वारदात की फिराक में मेहंदीपुर बालाजी आया हुआ है।
एसपी शर्मा ने बताया कि इस सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश अग्रवाल व सीओ दीपक मीना के सुपरविजन एवं एसएचओ गौरव प्रधान के नेतृत्व में गठित एएसआई शीशराम व कांस्टेबल ओमेंद्र,जितेंद्र 401 व जितेंद्र 1111 की टीम कस्बे की ओर पहुंची,जहां हेलीपैड के रास्ते पर एक युवक हाथ में कैरी बैग लिए खड़ा दिखाई दिया।
पुलिस को देख घबराकर भाग रहे युवक को घेर कर टीम ने पकड़ लिया। जिसने अपना नाम अमृतसर निवासी जशनप्रीत सिंह बताया।युवक के पास मिले कैरी बैग में रखे कपड़ों के नीचे से चार पिस्टल मैगजीन लगी हुई व दो मैगजीन अलग एवं 18 जिंदा कारतूस मिले।आर्म्स एक्ट के तहत पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिससे अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त और उद्देश्य के संबंध में पुलिस गहनता से पूछताछ में जुटी है।





