भजन संध्या में एक बुजुर्ग की हार्ट फेल होने से मौत हो गई। इस दौरान वह भजनों पर नाच रहा था, तभी वह अचानक गश खाकर नीचे गिरा।
मामला अजमेर जिले के पीसांगन में गुरुवार रात करीब 11:30 बजे का है। भजन संध्या में मौजूद लोगों को कुछ समझ नहीं आया। इस पर शिव कॉलोनी निवासी बाबूलाल कहार (54) को पीसांगन हॉस्पिटल ले गए। जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।
गांव के ही मंदिर में थी भजन संध्या
मृतक बाबूलाल के छोटे भाई जगदीश ने बताया कि गांव के ही खाकी जी महाराज मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया गया था। गांव के लोग भी इस भजन संध्या में शामिल थे।
भजन संध्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को नाचता देख बाबूलाल भी भजनों पर नाचने लगा। करीब 15 से 20 मिनट तक वह लगातार नाच रहे थे। इसी दौरान उनके सीने में दर्द हुआ।
नाचने के दौरान उन्हें अटैक आया तो वह अचानक गश खाकर पास में बैठे भजन गायक पर जाकर गिर पड़े। कुछ देर में जब वे नहीं उठे तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें उठाने की कोशिश की लेकिन वे अचेत थे।
सब्जी बेचते थे, तीन बच्चों के पिता थे बाबूलाल
भाई ने बताया कि गांव के लोगों ने घर पर फोन कर बताया कि बाबूलाल की तबीयत खराब हो चुकी है। इस पर मैं भी वहां पहुंचा। गांव के लोगों की मदद से हॉस्पिटल ले जाया गया।
यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया और बताया कि हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई है। शुक्रवार को बाबूलाल का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। गांव में ही बाबूलाल सब्जी बेचने का काम करते थे। बाबूलाल के तीन बच्चे है।
इधर, उनकी मौत का भी वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि बाबूलाल अचानक नाचते-नाचते नीचे गिर जाते है और उनकी मौत हो जाती है।





