जयपुर के जैन मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। लॉक तोड़कर मंदिर में घुसा बदमाश प्लास्टिक कट्टे में मूर्ति, गुल्लक व छत्र रखकर चोरी कर ले गया। मंदिर में लगे CCTV फुटेज में चोर की करतूत कैद हो गई। करधनी थाना पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोर की तलाश कर रही है।
हेड कॉन्स्टेबल राजेन्द्र सिंह ने बताया- करधनी स्कीम स्थित श्रीमहावीर दिगम्बर जैन मंदिर में चोरी हुई है। मंगलवार देर रात बदमाशों ने चोरी की नीयत से मंदिर को निशाना बनाया। देर रात लॉक तोड़कर चोर मंदिर में घुसा। मंदिर से भगवान महावीर की मूर्ति, चांदी के दो छत्र और गुल्लक व अन्य सामान चोरी कर ले गया। बुधवार सुबह मंदिर पहुंचने पर चोरी की वारदात का पता चला।
CCTV फुटेज में कैद हुई करतूत
मंदिर में लगे CCTV फुटेज खंगालने पर चोर की करतूत कैद मिली। रात करीब 11:45 बजे एक बदमाश मंदिर में चोरी करने घुसा। वह अपने साथ प्लास्टिक का बड़ा खाली कट्टा लेकर आया था। भगवान महावीर की मूर्ति, छत्र व गुल्लक सहित अन्य सामान को प्लास्टिक कट्टे में रखकर बदमाश चोरी कर ले जाता दिखा। मंदिर में चोरी की सूचना पर करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाकर फुटेज के आधार पर चोर की तलाश शुरू कर दी है।






