ACB Action in Tonk : टोंक। राजस्थान में घूसखोर सरकारी कर्मी और अधिकारियों के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में अब एसीबी ने टोंक में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी टीम ने जिला उद्योग केंद्र के मुख्य प्रबंधक, वरिष्ठ सहायक को रिश्वत लेते-देते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
चार्टेड अकाउंटेंड भी इस मामले में गिरफ्तार
एसीबी टीम ने इस मामले में सीए को भी गिरफ्तार किया है। एसीबी टीम ने जिला उद्योग केंद्र के मुख्य प्रबंधक सुल्तान सिंह मीणा और वरिष्ठ सहायक अजय खंडेलवाल को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। इस मामले में संलिप्त चार्टेड अकाउंटेंड जयंत जैन को गिरफ्तार किया है। एसीबी टीम को वरिष्ठ सहायक अजय खंडेलवाल के टोंक स्थित निवास की तलाशी के दौरान 6 लाख रुपए से अधिक की संदिग्ध राशि मिली।
गुप्त सूत्र से मिली थी शिकायत
एसीबी के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि एसीबी मुख्यालय को गुप्त सूत्र से शिकायत मिली थी। गोपनीय सूत्र ने शिकायत में बताया कि टोंक जिला उद्योग केंद्र का मुख्य प्रबंधक सुल्तान सिंह मीणा द्वारा बूंदी जिला उद्योग केंद्र के वरिष्ठ सहायक अजय खण्डेलवाल के माध्यम से विभिन्न औद्योगिक विकास योजनाओं में गलत रिपोर्ट बनाने, गलत लोन पास करने, फर्जी बिलों के आधार पर अयोग्य व्यक्तियों को अनुचित लाभ पहुंचाने की एवज में रिश्वत राशि का लेन-देन कर रहे हैं।
जिस पर एसीबी मुख्यालय स्थित तकनीकी शाखा के डीसीपी राजेश दुरेजा की टीम द्वारा तकनीकी / गोपनीय रूप से शिकायत का सत्यापन किया गया। जिसके बाद जयपुर एसीबी के डीआईजी रणधीर सिंह के सुपरवीजन में सत्यापन कर ट्रैप का जाल बिछाया।
टोंक एसीबी के एएसपी झाबरमल, भीलवाड़ा के डीएसपी पारसमल और जयपुर के पुलिस निरीक्षक सज्जन कुमार की टीमों द्वारा कार्रवाई करते हुए मुख्य प्रबंधक सुल्तान सिंह मीणा के टोंक स्थित निवास पर छापा मारकर वरिष्ठ सहायक अजय खण्डेलवाल को और सुल्तान सिंह मीणा को 1 लाख रुपए की रिश्वत राशि लेते-देते गिरफ्तार किया है। एसीबी ने इस मामले में संलिप्त आरोपी जयंत जैन चार्टेड अकाउंटेंट को भी गिरफ्तार किया है। एसीबी टीम को अजय खण्डेलवाल के टोंक स्थित आवास पर तलाशी में 6 लाख रुपए से अधिक की राशि बरामद की है। एसीबी टीम तीनों आरोपियों से रिश्वत राशि को लेकर पूछताछ कर रही है।
एसीबी ने आमजन से की अपील…
एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक हेमन्त प्रियदर्शी (अतिरिक्त चार्ज महानिदेशक) ने समस्त प्रदेशवासियों से अपील की है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल-फ्री हैल्पलाईन नं. 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाईन नंबर 94135-02834 पर 24×7 संपर्क कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी मदद करेगी। विदित 28 के एसीबी राजस्थान राज्य में राज्य कर्मियों के साथ-साथ केन्द्र सरकार के कार्मिकों के विरूद्ध भी कार्यवाई करने को अधिकृत है।





