Home » राजस्थान » हेरिटेज निगम के 8 कांग्रेसी पार्षदों ने बीजेपी जॉइन की:3 महीने से पार्टी के संपर्क में थे, अब जल्द कार्यवाहक मेयर का ऐलान होगा

हेरिटेज निगम के 8 कांग्रेसी पार्षदों ने बीजेपी जॉइन की:3 महीने से पार्टी के संपर्क में थे, अब जल्द कार्यवाहक मेयर का ऐलान होगा

जयपुर नगर निगम हेरिटेज में कांग्रेस पार्टी के 8 पार्षद बिना शर्त भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। इसके बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही बीजेपी कांग्रेसी पार्षदों को औपचारिक तौर पर पार्टी में शामिल कर कार्यवाहक मेयर के नाम का ऐलान करेगी।

निलंबित मेयर मुनेश गुर्जर की कार्यशैली से परेशान होकर कांग्रेस पार्टी के 12 से ज्यादा पार्षद पिछले 3 महीने से भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के संपर्क में थे। इनमें सिविल लाइंस, आदर्श नगर और किशनपोल विधानसभा के पार्षद थे। ये लोग मुनेश गुर्जर से प्रताड़ित होकर उन्हें पद से बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे। 21 सितंबर को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से इन पार्षदों की अनौपचारिक मुलाकात हुई थी। इसमें से 8 पार्षदों ने उसी वक्त बीजेपी में आने का फैसला किया। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा को बिना शर्त बीजेपी जॉइन करने का हस्ताक्षर युक्त समर्थन पत्र दिया।

इन पार्षदों ने भाजपा का दामन थामा

मनोज मुद्गल वार्ड 35, उत्तम शर्मा वार्ड 49, ज्योति चौहान वार्ड 46, सुशीला देवी वार्ड 63, अरविंद मीठी वार्ड 71, मोहम्मद जकरिया वार्ड 65, पारस जैन वार्ड 80, संतोष कर वार्ड 78 ने भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर बिना शर्त समर्थन पत्र बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को सौंप दिया है। एक दर्जन से ज्यादा कांग्रेसी पार्षद भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से संपर्क में हैं। जो जल्द ही भारतीय जनता पार्टी को अपना समर्थन दे सकते हैं।

मुनेश गुर्जर के खिलाफ बिना किसी शर्त भारतीय जनता पार्टी को समर्थन’

नगर निगम हेरिटेज पार्षद उत्तम शर्मा ने कहा- भारतीय जनता पार्टी विकास की राह पर राजस्थान को आगे बढ़ाने में अपना अहम योगदान निभा रही है। इसीलिए हमने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में बिना शर्त बीजेपी में आने का फैसला किया है। फिलहाल हम आठ पार्षद हैं। एक दर्जन से ज्यादा पार्षद ऐसे हैं, जो बीजेपी में आना चाहते हैं। जल्द ही वह भी हमारे साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

कांग्रेसी पार्षद ज्योति चौहान ने कहा- राजस्थान की बीजेपी सरकार भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा कर सत्ता में आई थी। इस वादे को पूरा कर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की सबसे भ्रष्ट मेयर को बर्खास्त किया है। इसलिए हमने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर बिना असर भाजपा को समर्थन देने का वादा किया है।

कांग्रेसी पार्षद अरविंद मेठी ने कहा- मुनेश गुर्जर के भ्रष्टाचार और तानाशाही से सभी पार्षद परेशान हो चुके थे। हमने हमारी पार्टी में भी इस बात को ऊपर तक पहुंचाने की कोशिश की। लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद जब बीजेपी की सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति पर मुनेश के खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला किया। हम सब ने भारतीय जनता पार्टी के साथ मिल शहर के विकास को आगे बढ़ने का वादा किया है।

पार्षद बोले- मुनेश गुर्जर ने नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया

नगर निगम हेरिटेज से पार्षद मनोज मुद्गल ने कहा- मुनेश गुर्जर ने नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था। जयपुर की जनता को अपने मूलभूत काम के लिए भी रिश्वत देनी पड़ रही थी। जनता द्वारा चुने गए पार्षदों तक की सुनवाई नहीं हो रही थी। ऐसे में हमने मुनेश गुर्जर के खिलाफ बिना किसी शर्त भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने का फैसला किया है। हम चाहते हैं कि राजस्थान सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर प्रदेश का चौमुखी विकास करें। यही कारण है कि हम सब अब बीजेपी के साथ मिलकर अपने राजनीतिक जीवन को आगे बढ़ाएंगे।

मंत्री बोले- कल तक कार्यवाहक मेयर बना देंगे

यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा- काफी संख्या में ऐसे कांग्रेसी पार्षद हैं। जो मुनेश गुर्जर के भ्रष्टाचार और उनकी कार्यशैली से परेशान होकर बिना शर्त बीजेपी में आना चाहते हैं। हम उनका स्वागत करते हैं। ऐसे में अब हम सभी पार्षदों से चर्चा कर नगर निगम हेरिटेज में बुधवार तक कार्यवाहक मेयर बना देंगे

जयपुर नगर निगम हेरिटेज की स्थिति

कुल पार्षद- 99

बहुमत- 50

भाजपा- 53 (8 पार्षद कांग्रेस से बीजेपी में आए)

कांग्रेस- 45

निर्दलीय- 1

मुनेश गुर्जर के निलंबन के बाद कुल पार्षद की संख्या 99 हुई

जयपुर नगर निगम हेरिटेज में कुल 100 पार्षद हैं। इनमें 47 पार्षद कांग्रेस, 42 पार्षद बीजेपी और 11 पार्षद निर्दलीय चुनाव जीते थे। इनमें से 9 ने कांग्रेस पार्टी को समर्थन दिया था। दो ने भारतीय जनता पार्टी को समर्थन दिया था। लेकिन विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेसी पार्षद नीरज अग्रवाल ने बीजेपी जॉइन कर ली थी। अब मेयर मुनेश गुर्जर को पार्षद पद से भी सस्पेंड कर दिया गया है। इसके बाद नगर निगम हेरिटेज में कुल पार्षदों की संख्या 99 पहुंच गई है। ऐसे में 50 पार्षदों की संख्या बहुमत के लिए पर्याप्त है। कांग्रेस के 8 पार्षदों के बीजेपी जॉइन करने के बाद भारतीय जनता पार्टी बहुमत के आंकड़े को पार कर गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

7k Network

Top Headlines

जयपुर परकोटा क्षेत्र की विरासत संरक्षण व शहरी नियोजन के संबंध में कार्यशाला का हुआ आयोजन

व्यापारिक संगठनों से हुआ संवाद हिंद न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा जयपुर। नगर निगम जयपुर द्वारा मंगलवार को प्रातः 11