जयपुर में गुरुवार रात चार युवकों ने एक युवती को किडनैप कर गैंगरेप किया गया। मारपीट की फिर घर के पास चलती बोलेरो से फेंक कर फरार हो गए। लहूलुहान हालत में रोड किनारे मिली युवती को SMS हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस की टीमे गैंगरेप के मामले में बदमाशों को पकड़ने के लिए उनके छिपने के ठिकानों पर दबिश दे रही है।
SHO (जयसिंहपुरा खोर) राजेश कुमार मीना ने बताया- जयसिंहपुरा खोर निवासी व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया कि गुरुवार को वह अपने काम पर गए हुए थे। उनका परिवार घर में सो रहा था। गुरुवार रात करीब 12 बजे घर लौटने पर बेटी गायब मिली। इधर-उधर ढूंढने के दौरान भी बेटी का पता नहीं चला।
रात करीब 1 बजे एक बोलेरो गाड़ी घर के पास लहूलुहान हालत में बेटी को रोड किनारे फेंक कर चली गई। गाड़ी के जाने की आवाज सुनकर घर से बाहर आकर देखा। बेटी लहूलुहान हालत में सड़क किनारे पड़ी थी। जाकर संभालने पर बेटी के कपड़े खून से सने थे। उसके सिर और कान में खून बह रहा था। बड़ी मुश्किल गोद में उठाकर घर ले जाकर परिवार ने उसे संभाला।
पीड़िता ने बताए आरोपियों के नाम
रोते हुए लहूलुहान हालत में बेटी ने कुंदन मीणा, रामुतार मीणा निवासी बटवाडी, दीपक मीणा और गिर्राज मीणा निवासी बड़ा गांव के किडनैप कर ले जाने फिर सुनसान जगह गैंगरेप करना बताया। पीड़िता के परिजनों ने तुरंत जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस को गैंगरेप की सूचना दी। बेहोशी की हालत में पीड़िता को तुरंत इलाज के लिए SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया।
काम से घर के बाहर आई थी पीड़िता
एसएचओ राजेश कुमार मीना का कहना है कि हॉस्पिटल में एडमिट पीड़िता बेहोशी की हालत में है। पिता के बताए आधार पर नामजद मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि परिवार के सोने के बाद युवती किसी काम से घर से बाहर आई थी। इसी दौरान वह उसके साथ ये घटना हुई। पिता के रात करीब 12 बजे लौटने पर बेटी के घर नहीं होने का पता चला। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही है।






