जयपुर में शनिवार सुबह चलती कार में आग लग गई। कार सवार युवक पोलो खेलने घोड़ा फॉर्म जा रहा था। कार से आग की लपटें उठती देखकर युवक ने ब्रेक लगाए। कार से बाहर छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। कालवाड़ थाना पुलिस की सूचना पर फायर बिग्रेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाया गया। आग लगने से कार पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गई। पुलिस प्रथमदृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगना मान रही है।
पुलिस ने बताया- हादसा में जोधपुर निवासी देवराज सिंह की लग्जरी कार जल गई। शनिवार सुबह वह कालवाड़ से पोलो खेलने के लिए घोड़ा फॉर्म जाने के लिए अपनी कार से निकले थे। सुबह करीब 9:40 बजे गजाधरपुरा सीवरेज प्लांट के पास अचानक चलती कार में आग लग गई। आग की लपटों को उठते देखकर चालक देवराज ने तुरंत ब्रेक लगाए। कार को रोककर बाहर की ओर छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
आधे घंटे जाम लगा रहा
देखते ही देखते कार में भीषण आग लग गई। राहगीरों में दहशत के साथ ही रोड पर वाहनों का जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कार में लगी आग की सूचना पर कालवाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फायर बिग्रेड की एक गाड़ी की मदद से करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से कार पूरी तरह से जलकर कबाड़ में बदल गई। पुलिस ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद वहां लगे जाम को खुलवाया।





