कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री रही शकुंतला रावत ने DGP उत्कल रंजन साहू से गुहार लगाई है। उन्होंने कहा- 2 बार मेरे घर और एक बार ससुराल में घुसने का प्रयास हुआ है। कोई सामान नहीं चुराया, मुझे लगता है बस रेकी की है। हमारे परिवार को कोई मारना चाहता है। 25 दिन में यह अब यह तीसरी बार है। कोई बड़ी घटना हो जाएगी उसके बाद पुलिस सक्रिय होगी।
मामला अलवर के शिवाजी पार्क थाना इलाके की कर्मचारी कॉलोनी स्थित पूर्व कैबिनेट मंत्री रावत के बंगले का शुक्रवार देर रात 10:55 बजे का है।
अलवर एसपी संजीव नैन ने बताया- पूर्व मंत्री के मकान की छत पर एक नाबालिग चोरी करने के प्रयास में गया था। उसी नाबालिग ने आसपास के कई मकानों में भी छोटी-मोटी चोरी की है। जिसे एक बार पहले भी पकड़ा गया था। यही नाबालिग पूर्व मंत्री के दोनों मकानों में चोरी करने के मकसद से घुसा है। अन्य वारदातों को लेकर जल्द खुलासा किया जाएगा।
बोलीं- DGP से मिलकर आई और वारदात हो गई
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा- मामले को लेकर 1 दिन पहले जयपुर में भी डीजीपी से मिली और उनको लगातार हो रही घटनाओं के बारे में बताया। उनको बताने के बाद उसी रात को फिर अलवर के कर्मचारी कॉलोनी स्थित मकान में बदमाश घुस गया। जो सरिया लेकर आया। मेरे पति पानी की टंकी भरने में लगे थे। उन्होंने टंकी को देखने के लिए CCTV पर नजर डाली। तभी उनको छत पर कोई नजर आया। इसके बाद वे चिल्लाते हुए बाहर आए। इसके बाद चोर पास वाले मकान की छत से भाग गया। वह करीब 6 किलो वजन का सरिया साथ लेकर आया था। उसे छोड़ कर भाग गया। इसके बाद परिवार वालों को बताया। तब सब लोग आए। आसपास बैठे रहे। बदमाश को देखने का प्रयास किया। तुरंत पुलिस को सूचना दी तो पुलिस पहुंच गई।
उन्होंने बताया- सबसे पहले 22 सितंबर को मोहम्मदपुर बहरोड़ स्थित मकान पर संदिग्ध घुस आए थे। इसके बाद 24 सितंबर को अलवर के कर्मचारी कॉलोनी में स्थित मकान में बदमाश घुसा था। अब 18 अक्टूबर को कर्मचारी कॉलोनी में ही सामने वाले मकान में कोई घुसा और जाग होने पर भाग निकला।
25 दिन में 3 बार घटना
पूर्व मंत्री रावत ने बताया कि पिछले 25 दिन में तीसरी बार वारदात हुई है। पहले उनके ससुराल में वारदात हुई। उसके बाद दो बार अलवर के मकान में हो गई। हर बार पुलिस को सूचना दी है। लेकिन पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही। जब उनके साथ कोई बड़ी घटना हो जाएगी। उसके बाद पुलिस सक्रिय होगी।
कर्मचारी कॉलोनी में 5 घरों में चोरी
आसपास के लोगों ने बताया कि पूर्व मंत्री शकुंतला रावत के पास ही कर्मचारी कॉलोनी के बी ब्लॉक में करीब 5 मकानों में रात को चोर घुसे हैं। जो एक घर से बर्तन ले गए। दूसरे घर से 10 हजार रुपए चोरी किए हैं। तीसर मकान से पानी की टोटी ले गए। इन सब घरों में चोर ऊपर के कमरे तक गए। वहां जो सामान मिला लेकर भाग गए। अब पुलिस पड़ताल कर रही है कि पूर्व मंत्री के मकान में घुसने वाला बदमाश भी यही था या कोई दूसरा। अभी जांच जारी है।






