उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा से राजस्थान में सर्दी तेज हो गई। राजस्थान में कोल्ड-वेव का असर 3 जनवरी तक रहेगा। 1 जनवरी से कोल्ड-वेव का प्रभाव और बढ़ने की भी आशंका जताई गई है।
मंगलवार को भी घने कोहरे के कारण जयपुर, अजमेर, राजसमंद, सीकर, पाली, कोटा, जोधपुर, उदयपुर सहित कई जिलों में विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम रही। सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आई।

कल (30 दिसंबर) जयपुर, अलवर, बीकानेर, चूरू, गंगानगर समेत कई जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इन जिलों में सुबह से गलनभरी सर्दी रही। दोपहर बाद से तेज सर्द हवा चलने लगी।

जयपुर में घना कोहरा जयपुर में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। मंगलवार सुबह 7 बजे शहर के कई इलाकों में घना कोहरा रहा। जयपुर के झालाना इलाके में अरावली की पहाड़ी कोहरे को कारण नजर नहीं आई। कई इलाकों में विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम रही।

सीकर में आज सुबह 7 बजे इस सीजन के सबसे घने कोहरे में विजिबिलिटी 10 मीटर रही। शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में घने कोहरे के कारण सन्नाटा नजर आया। सुबह नेशनल हाईवे-52 सीकर-जयपुर मार्ग पर गाड़ियां रेंगती नजर आई।

राजसमंद शहर में भी मंगलवार सुबह 8 बजे घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम रही। यह इस सीजन का सबसे घना कोहरा है। रात का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक 2 जनवरी तक इसी तरह का शुष्क मौसम बना रहेगा। ठंडी हवाओं के साथ गलन का दौर जारी रहेगा। वहीं रात के तापमान में आंशिक गिरावट हो सकती है। जबकि दिन के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। बीती रात श्री गंगानगर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि अजमेर में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन जिलों में यह सीजन की सबसे सर्द रात रही।

मेड़ता में विजिबिलिटी 20 मीटर से कम मेड़ता में मंगलवार सुबह विजिबिलिटी 20 मीटर रहने से हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। ट्रेनें भी देरी से चलीं। मावठ के बाद न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया है।
पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो सबसे ठंडा दिन कल (सोमवार) श्रीगंगानगर जिले में रहा। यहां का अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया। गंगानगर के अलावा कल अलवर में अधिकतम तापमान 15, बीकोनर में 18.9, चूरू में 18.4, जयपुर में 19.8, कोटा में 19.9, माउंट आबू में 18, पिलानी (झुंझुनूं) में 17.6 और सीकर में 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
औसत से नीचे आया दिन का तापमान राजस्थान में कोल्ड-वेव चलने और कोहरे के कारण कई शहरों में दिन का अधिकतम तापमान औसत से 7 डिग्री तक नीचे चला गया। सीकर, पिलानी (झुंझुनूं), चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ में अधिकतम तापमान औसत से 4 डिग्री से ज्यादा नीचे होने और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज होने के कारण यहां कोल्ड-डे की स्थिति बन गई है।
जमाव बिंदु तक जा सकता है माउंट आबू का पारा मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिन सर्दी और तेज होने की आशंका जताई है। संभावना है कि हिल स्टेशन माउंट आबू में पारा शून्य या माइनस में जा सकता है। माउंट आबू में कल न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।





