विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज दिल्ली में 4500 करोड़ रुपए की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम ने दिल्ली के अशोक विहार में बने 1,675 फ्लैट्स का भी उद्घाटन किया।
गरीबों के लिए नए घर का इनॉगरेशन करते हुए पीएम मोदी ने कहा- मैं भी शीशमहल बना सकता था। लेकिन मैंने कभी अपना घर नहीं बनाया, 10 सालों में 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्का घर दिया है।
आज जिन्हें नए घर मिले हैं, यह उनके स्वाभिमान का घर है। आत्म सम्मान का घर है। ये नई आशा और नए सपनों का घर है।
इसके अलावा पीएम ने दिल्ली यूनिवर्सिटी में 600 करोड़ रुपए की 3 नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इसमें नजफगढ़ के रोशनपुरा में वीर सावरकर कॉलेज का भवन भी शामिल है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “साल 2025 भारत के विकास के लिए अनेक नई संभावना लेकर आ रहा है। दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनने की तरफ हमारी आशा इस वर्ष और तेज होने वाली है। आज भारत दुनिया में राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता का प्रतीक बना है। साल 2025 में भारत की यह भूमिका और सशक्त होगी। यह वर्ष विश्व में भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को और सशक्त करने का वर्ष होगा। ये वर्ष भारत को दुनिया का बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने का वर्ष होगा।
PM बोले, “आज जिन परियोजना का लोकार्पण हुआ, उनके गरीबों के लिए घर, स्कूल-कॉलेज के प्रोजेक्ट हैं। उन साथियों को, उन माताओं-बहनों को बधाई देता हूं, जिनकी अब नई जिंदगी एक तरह से शुरू हो रही है। झुग्गी की जगह पक्का घर, किराए के घर की जगह अपना घर मिल रहा है। ये नई शुरुआत ही तो है।
3. इमरजेंसी में अशोक विहार मेरा ठिकाना था प्रधानमंत्री ने कहा, “पुरानी यादें यहां पर ताजा हो रही हैं। जब आपातकाल का समय था, इंदिरागांधी की तानाशाही के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे थे, उस समय मेरे जैसे बहुत साथी अंडरग्राउंड मोमेंट का हिस्सा थे। उस वक्त अशोक विहार मेरे रहने का स्थान हुआ करता था। साथियों आज पूरा देश विकसित भारत के निर्माण में जुटा है।”
4. स्वाभिमान अपार्टमेंट पर पीएम बोले, “इस भारत में देश के हर नागरिक के पास पक्की छत हो, अच्छे घर हों, ये संकल्प लेकर हम काम कर रहे हैं। इस संकल्प की सिद्धि में दिल्ली का बड़ा रोल है। भाजपा की केंद्र सरकार ने झुग्गियों की जगह पक्का घर बनाने का अभियान शुरू किया है। 2 साल पहले भी मुझे कालका जी एक्सटेंशन में झुग्गियों में रहने वाले लोगों के लिए 3 हजार से ज्यादा घरों के शुभारंभ का अवसर मिला था। वो परिवार, जिनकी पीढ़ियां सिर्फ झुग्गियों में ही रहीं। जिनके सामने उम्मीद नहीं थीं, वे पहली बार पक्के घरों में पहुंच रहे हैं। तब मैंने कहा था, ये अभी शुरुआत है। आज यहां और डेढ़ हजार घरों की चाभी लोगों की दी गई है। ये स्वाभिमान अपार्टमेंट गरीबों के स्वाभिमान को उनकी गरिमा को बढ़ाने वाले हैं।.
पीएम ने कहा, “बच्चों से मिला, लाभार्थियों से मिला। उनके सपने स्वाभिमान अपार्टमेंट से भी ऊंचे थे। ये सभी मेरे परिवार के सदस्य हैं। देश जानता है कि मोदी ने कभी अपने लिए घर ,नहीं बनाया। लेकिन बीते वर्षों में 4 करोड़ से ज्यादा गरीबों के घरों का सपना पूरा किया है। मैं भी कोई शीश महल बना सकता था। मेरे देशवासियों को पक्का घर मिले, मेरा यह सपना था। आप जब भी लोगों के बीच जाएं, उनसे मिलें और अभी भी जो लोग झुग्गी में रहते हैं, मेरी तरफ से उन्हें वादा करके आना। मेरे लिए आप ही मोदी हैं। आज नहीं तो कल उनके लिए पक्का घर बनेगा मिलेगा।”
6. गरीबों के लिए एक करोड़ नए घर और बनेंगे प्रधानमंत्री बोले, “गरीबों के घरों में हर वो सुविधा हो, जो बेहतर जीवन के लिए जरूरी है। यही तो गरीब का स्वाभिमान जगाता है। विश्वास बढ़ाता है। हम यहीं रुकने वाले नहीं हैं। अभी दिल्ली में करीब 3 हजार ऐसे ही और घरों के निर्माण का काम कुछ ही समय में पूुरा होने वाला है। अगले चरण में शहरी गरीबों के लिए एक करोड़ नए घर बनने वाले हैं। केंद्र मदद देगी। साल में जिनकी आय 9 लाख से कम है, उन परिवारों को इस योजना का फायदा होगा। केंद्र मिडिल क्लास को घर का सपना पूरा करने के लिए होम लोन के ब्याज में बहुत बड़ी छूट दे रही है। सरकार पैसे दे रही है।”
सावरकर विवाद पर कांग्रेस स्टूडेंट विंग ने PM मोदी को लेटर लिखा कांग्रेस ने कॉलेज का नाम सावरकर होने पर आपत्ति जताई है। कांग्रेस की स्टूडेंट विंग ने कहा- ये बहुत अच्छी बात है कि 2025 में एक नया कॉलेज कैंपस बनने जा रहा है। लेकिन मेरी प्रधानमंत्री जी से अपील है कि इस कॉलेज का नाम सावरकर की जगह डॉ. मनमोहन सिंह जी के नाम पर रखना चाहिए।
दिल्ली यूनिवर्सिटी के कुलपति योगेश सिंह ने कहा, ‘यह प्रोजेक्ट 2021 में शुरू हुआ था। किसी को भी समय के बारे में सवाल नहीं उठाना चाहिए। सावरकर देश के युवाओं, लोगों और संस्कृति के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।’
दिल्ली यूनिवर्सिटी में वीर सावरकर के नाम पर कॉलेज बनने जा रहा है। कांग्रेस ने कॉलेज का नाम सावरकर होने पर आपत्ति जताई है। कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने डीयू के फैसले की आलोचना की और इसे भाजपा द्वारा ब्रिटिश राज का समर्थन करने वाले नेताओं को बढ़ावा देने का प्रयास बताया।
सावरकर का दिल्ली और आसपास के इलाकों से कोई लेना-देना नहीं था। भाजपा दिल्ली चुनाव के मद्देनजर ध्रुवीकरण के बारे में सोच रही है। उन्हें कॉलेज का नाम डॉ. मनमोहन सिंह के नाम पर रखना चाहिए था।

प्रमोद तिवारी, कांग्रेस सांसद
राहुल गांधी अक्सर सावरकर जी के बारे में जहर उगलते रहते हैं। जो खुद धोखाधड़ी और गबन के आरोपों के साथ नेशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर बाहर हैं, वे कुछ न कहें।

सीआर केसवन, भाजपा नेता
PM ने 4 प्रोजेक्ट का इनॉगरेशन और शिलान्यास किया…
1. दिल्ली यूनिवर्सिटी में 3 परियोजनाओं की आधारशिला प्रधानमंत्री दिल्ली यूनिवर्सिटी में 600 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली 3 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
- सूरजमल विहार के पूर्वी परिसर में एक अकादमिक ब्लॉक बनाया जाएगा।
- द्वारका के पश्चिमी परिसर में एक अकादमिक ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा।
- नजफगढ़ के रोशनपुरा में वीर सावरकर कॉलेज का भवन बनाया जाएगा।
2. स्वाभिमान फ्लैट प्रोजेक्ट, PM मोदी ने लाभार्थियों को चाबी दी

दिल्ली के अशोक विहार में पीएम मोदी ने स्वाभिमान फ्लैट प्रोजेक्ट के तहत 1,675 फ्लैट्स की चाबियां झुग्गी-झोपड़ी (जेजे क्लस्टर) में रहने वाले लाभार्थियों को सौंपी। इस प्रोजेक्ट के तहत प्रत्येक फ्लैट पर करीब 25 लाख रुपये खर्च हुए हैं। लाभार्थियों को केवल 1.42 लाख रुपये देने हैं और पांच साल के रखरखाव के लिए 30,000 रुपये अतिरिक्त देना होगा।
3. पीएम मोदी द्वारका में CBSE ऑफिस का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री दिल्ली के द्वारका में सीबीएसई की बिल्डिंग का भी उद्घाटन किया, जिस पर करीब 300 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। इसमें ऑफिस, ऑडिटोरियम, डेटा सेंटर, वॉटर मैनेजमेंट सिस्टम शामिल हैं। इस बिल्डिंग को पर्यावरण के अनुकूल और भारतीय हरित भवन परिषद (IGBC) की प्लेटिनम रेटिंग के तहत बनाया गया है।
4. 2 शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने 2 शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं-नौरोजी नगर में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर (WTC) और सरोजिनी नगर में जनरल पूल आवासीय आवास (GPRA) टाइप-II क्वार्टर का भी उद्घाटन किया। GPRA टाइप-II क्वार्टर में 28 टावर शामिल हैं, जिनमें 2500 से ज्यादा आवासीय इकाइयां हैं
दिल्ली में चुनाव की तारीखों का जल्द ऐलान होगा दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को खत्म हो रहा है। चुनाव आयोग जनवरी के दूसरे हफ्ते में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। पिछला विधानसभा चुनाव फरवरी 2020 में हुआ था, जिसमें आम आदमी पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था और 70 में से 62 सीटें जीती थीं।





