जोधपुर की बासनी थाना पुलिस ने अवैध डोडा पोस्त और गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पैदल जा रहा था, जिसे पुलिस ने रूकवाकर तलाशी ली। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
बासनी थाना अधिकारी मोहम्मद शफीक ने बताया- आरोपी खम्मूराम (56) पुत्र मंगलाराम बिश्नोई निवासी गुडा विश्नोइयां हाल सोनामुखी नगर सांगरिया है। वह छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर फैक्ट्री श्रमिकों को मादक पदार्थ सप्लाई करता था।
प्लास्टिक की थैली में छुपा रखा था नशा आरोपी अपने घर सोनामुखी नगर से कट्टे में मादक पदार्थ भरकर पैदल अलग-अलग जगह पर सप्लाई करने के लिए जा रहा था। पुलिस ने उसे रुकवाया। तलाशी के दौरान उसके पास से पीले रंग का कट्टा मिला, जिसमें अलग-अलग थैलियों में गांजा और डोडा पोस्त भरकर रखा गया था।
वजन करने पर 4 किलो 870 ग्राम डोडा पोस्ट व पीले रंग की प्लास्टिक थैली में रखा गया तीन किलोग्राम गांजा भी बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस मादक पदार्थ तस्करी को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस कार्रवाई में बासनी थाना अधिकारी शफीक खान, SI सुरेश कुमार,नहेड कांस्टेबल दिनेश, कांस्टेबल दल्लाराम, पुनाराम महिला कॉन्स्टेबल पारू, कॉन्स्टेबल जितेंद्र शामिल रहे।






