जयपुर(सुनील शर्मा)* मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों की अनुपालना में जयपुर जिला प्रशासन द्वारा संचालित सक्षम जयपुर अभियान जिले में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास का आधार बन गया है।सक्षम जयपुर अभियान अन्तर्गत प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर आगामी 8 मार्च 2025 तक प्रत्येक पंचायत समिति पर विभिन्न कार्यशाला,गतिविधियों का आयोजन विभिन्न विभागों के समन्वय से करवाया जावेगा।
महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ.राजेश डोगीवाल ने बताया कि सक्षम जयपुर अभियान के तहत आयोजित होने वाले इन आयोजनों में महिलाओं एवं बालिकाओं को मानसिक स्वास्थ्य,शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़ी अहम जानकारियां,सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ व्यावसायिक कौशल प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।

अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन एवं स्वच्छता व कचरा निस्तारण के साथ-साथ एनिमिया विकार की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।वहीं वित्तीय प्रबंधन कार्यशाला में अल्प बचत के लिए राजकीय योजनओं में निवेश एवं घरेलू उद्यम प्रोत्साहन सेमिनार के जरिये गृहणियों को अपने घरेलू कार्य के इतर उद्यम संचालन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।अभियान के तहत महिला आत्मरक्षा कार्यशाला, महिला आत्मरक्षा कार्यशाला,साइबर अपराध से बचाव एवं डिजिटल साक्षरता सेमिनार का आयोजन किया जाएगा।

साथ ही उन्होंने बताया कि अभियान के तहत महिलाओं एवं युवतियों को वाहन चालन कोर्स,यातायात नियमों जानकारी के साथ सुरक्षित वाहन चालन कार्यशाला, नींव (छम्म्ट)- 9 से 12 वर्ष की बालिकाओं के मानसिक,शारीरिक एवं भावनात्मक के विकास हेतु संवाद कार्यक्रम का आयोजन,ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि उत्पादों एवं हैण्डीक्राफ्ट से आय बढ़ाने एवं नवीन तकनीकी की जानकारी हेतु कार्यशाला के साथ साथ मिलेट कुकीज प्रशिक्षण कार्यशाला का भी आयोजन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत बालिकाओं के लिए करियर काउंसलिंग का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें नीट, जेईई,क्लेट जैसी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ-साथ विदेश में अध्ययन के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी।
उपनिदेशक महिला अधिकारिता ने बताया कि सक्षम जयपुर अभियान अन्तर्गत जयपुर जिले में बेटी बचाओं-बेटी पढाओं योजनान्तर्गत पी.एम.श्री विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को गुड टच-बेड टच लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012, आत्मरक्षा प्रशिक्षण व कठपुतली नृत्य के माध्यम से विभिन्न जनजागरूक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। वर्तमान में 29 पी.एम.श्री विद्यालयों में सक्षम जयपुर अभियान अन्तर्गत उक्त आयोजन करवाये जा चुके है।उन्होंने बताया कि सक्षम जयपुर अभियान अन्तर्गत महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण,प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम 2013 के विषय पर 29 नवंबर 2024 को इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान में एक दिवसीय आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।जिसमें ब्लॉक,पंचायत स्तर के 400 अधिकारियों एवं कार्मिको को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।साथ ही द्वितीय चरण में ब्लॉक स्तर पर माह जनवरी एवं फरवरी 2025 में प्रशिक्षण आयोजित करवाये जाएंगे।






