जयपुर में बुधवार को थाने के सामने बीच बाजार में फायरिंग और पथराव हुआ। दो पक्ष जमीन विवाद को लेकर भिड़ गए थे। इस दौरान एक युवक ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। मामला खोह नागोरियान थाना इलाके का है।
पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक युवक पिस्टल हाथ में लिए सड़क पर दौड़ता नजर आ रहा है।
डीसीपी ईस्ट तेजस्विनी गौतम ने बताया- खोह नागोरियान थाने के सामने पुराना गांव में आज दोपहर 3 से 3:30 बजे के बीच जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। एक पक्ष जमीन पर कब्जा करने के लिए गाड़ियों से पहुंचा।
इस दौरान फायरिंग की भी जानकारी सामने आई। जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई। मौके पर दो लोगों को डिटेन किया गया है। वहीं अन्य लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम जगह-जगह दबिश दे रही है।

जमीन पर कोर्ट का स्टे तेजस्विनी गौतम ने बताया- प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ, उस जमीन पर कोर्ट का स्टे है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया। कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। कार से आया एक युवक पिस्टल लोड करता हुआ भी दिखाई दिया है। इसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पूछताछ के लिए लोगों को थाने लाया गया एडिशनल डीसीपी ईस्ट आशाराम चौधरी ने बताया- मौके पर शांति है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने लेकर आए हैं। दोनों पक्षों के कुछ लोगों को चोट लगी है। उनका इलाज चल रहा है। फायरिंग के संबंध में लोगों से बात की जा रही है। हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं।






