उदयपुर/जयपुर(सुनील शर्मा) उदयपुर जिले के थाना प्रतापनगर क्षेत्र के मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में 5 फरवरी की रात चौकीदार की सिर पर पत्थर से वार कर निर्मम हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दो आरोपियों कमलेश भावसार उर्फ अजीत पुत्र कैलाश चन्द्र निवासी युआईटी कॉलोनी थाना प्रताप नगर एवं श्याल लाल पुत्र पुनालाल निवासी गोखर मगरी थाना सविना जिला उदयपुर हाल युआईटी कॉलोनी,मादडी थाना प्रतापनगर को गिरफ्तार किया है।
उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने बताया कि 6 फरवरी की सुबह मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में नवनीत मोटर्स,कार शोरूम के पास एक व्यक्ति की लाश पड़ी होने की सूचना पर एसएचओ प्रताप नगर राजेन्द्र सिंह मय टीम के तुरन्त घटना स्थल पर पहुचे।जहां एक अज्ञात व्यक्ति की लाश पडी मिली, जिसकी किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर मार कर हत्या की थी।फोरेंसिक टीम बुलाकर मौका मुआयना कराया गया,मृतक की लाश को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए एमबीजी उदयपुर के मुर्दाघर में रखवा गया।
जहां पर मृतक के भाई बसंती लाल निवासी सोलंकियों का गुडा थाना दिवेर राजसमंद के अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पत्थर मारकर हत्या कर दिए जाने की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू किया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुये एसपी गोयल द्वारा घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा व सीओ छगन पुरोहित के सुपरविजन एवं प्रोबेशनर आईपीएस माधव उपाध्याय व एसएचओ राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना प्रतापनगर से अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा आरोपियों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आस-पास 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को चैक किया।
इसके साथ ही अन्य इलेक्ट्रोनिक माध्यम व आसूचना के सहयोग से गोपनीय सूचना एकत्रित की गई।टीमों के रात-दिन के अथक प्रयासों से अनुसधान में पाया गया की घटना की रात बीएसएनएल कम्पनी में कॉन्ट्रेक्ट पर फाईबर वायरिंग का काम करने वाले श्यामलाल एवं कमलेश भावसार उर्फ अजीत की गतिविधि संदिग्ध है।इस पर दोनों से पूछताछ कि तो इन्होंने बताया कि वायरिंग रिपेयरिंग के काम के दौरान चौकीदार लादु लाल से टॉर्च मांगने की बात को लेकर गाली गलौच हो गई थी।
गुस्से में आकर आरोपी श्यामलाल एवं कमलेश भावसार उर्फ अजीत ने पास पडे़ पत्थरों के ढेर से पत्थर उठा चौकीदार लादुलाल के सिर पर मारकर उसकी हत्या कर दी।दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जाकर प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है।






