जोधपुर में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (XEN) दीपक कुमार मित्तल के एसीबी की कार्रवाई तीसरे दिन (सोमवार) भी जारी रही।
सोमवार को एसीबी को सी-स्कीम (जयपुर) स्थित बैंक के इंजीनियर के एक लॉकर में डेढ़ किलो किलो सोने की ज्वेलरी और 5 किलो चांदी के जेवर मिले हैं।
सोने की ज्वेलरी की कीमत करीब 1.30 करोड़ रुपए है। एसीबी की टीम मंगलवार को गंगापुर सिटी में इंजीनियर के दो बैंक लॉकर्स को खोलेगी।
इस तरह दो दिन की कार्रवाई में अब तक कुल 2 किलो सोने के जेवर व साढ़े छह किलो चांदी के जेवर-सिक्के मिल चुके हैं। अब भी दो लॉकर खोलना बाकी है।
राजस्थान और हरियाणा के 6 शहरों में इंजीनियर के ठिकानों पर एसीबी ने शनिवार देर रात सर्च शुरू की थी। एसीबी को कार्रवाई के पहले दिन इंजीनियर के पास 16 प्लॉट समेत करोड़ों की संपत्ति के डॉक्युमेंट मिले थे।

16 प्लॉट समेत करोड़ों की संपत्ति एसीबी के डीजी रविप्रकाश ने बताया- दीपक कुमार मित्तल के जयपुर स्थित घर पर एसीबी ने रविवार को छापेमारी की थी। रविवार को कार्रवाई में XEN के घर से करीब 50 लाख कैश, आधा किलो सोने के गहने और 1.5 किलो चांदी के गहने मिले थे।
कार्रवाई के दौरान XEN और उसके परिजनों के नाम जयपुर में करीब 1 करोड़ रुपए कीमत के 4 प्लॉट, उदयपुर में 9 प्लॉट (1 करोड़ 34 लाख रुपए), ब्यावर व अजमेर में 6.50 लाख रुपए के 3 प्लॉट मिले थे।
मित्तल और परिजनों के कुल 18 बैंक खातों में करीब 40 लाख रुपए मिलने के साथ तीन बैंक लॉकर होने का पता चला था। मित्तल ने म्यूचुअल फंड में करीब 50 लाख रुपए का निवेश किया हुआ है। आरोपी के पास 15 लाख रुपए के वाहन हैं।
इनकम से 4.02 करोड़ ज्यादा संपत्ति बनाई दरअसल, एसीबी को इंजीनियर के खिलाफ आय से ज्यादा संपत्ति को लेकर शिकायत मिली थी। इसके बाद एसीबी ने कोर्ट से सर्च वारंट लेकर शनिवार देर रात सर्च शुरू किया, जो अब भी जारी है।
आरोपी दीपक मित्तल के जयपुर, उदयपुर, अजमेर, ब्यावर, जोधपुर और फरीदाबाद (हरियाणा) के ठिकानों पर कार्रवाई की गई है।
दावा किया जा रहा है कि आरोपी जब से नौकरी पर लगा, तब से आय से 4 करोड़ 2 लाख 14 हजार 395 रुपए की संपत्ति अधिक अर्जित की है।

इन 6 ठिकानों पर सर्च
- हरियाणा के फरीदाबाद में सेक्टर 21 स्थित दीपक कुमार के भाई अंकुर मित्तल के मकान नंबर 952 पर एसीबी पहुंची।
- उदयपुर में मेवाड़ इंडस्ट्रियल एरिया में रोड नंबर 2 स्थित राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम लिमिटेड (RIICO) के ऑफिस भी टीम पहुंची।
- उदयपुर के कलडवास में 9 संपत्तियों पर भी एसीबी टीम पहुंची।
- जोधपुर में सार्वजनिक निर्माण विभाग विद्युत खंड द्वितीय के ऑफिस में एसीबी की टीम पहुंची।
- जोधपुर में स्थित दीपक कुमार मित्तल के निवास स्थान पर टीम पहुंची।
- जयपुर के बरकत नगर स्थित मकान नंबर 490ए एसीबी पहुंची।





