जयपुर एसीबी की टीम ने आज नगर निगम ग्रेटर गैराज शाखा मालवीय नगर के समय पालक राकेश कुमार सेठी को 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी परिवादी से नगर निगम में डम्पर पर ड्राइवर लगाने की एवज में 3 हजार रुपए प्रतिमाह के हिसाब से रिश्वत मांग रहा था। आरोपी पिछले तीन माह के रिश्वत मांग रहा था। इस पर पीड़ित की ओर से एसीबी में शिकायत दी गई। शिकायत मिलने पर एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया। इस दौरान आरोपी राकेश सेठी ने परिवादी से 1500 रुपए ले लिए। बाकी का पैसा लेने के लिए आरोपी निरंतर पीड़ित पर दबाव बना रहा था।
डीजी एसीबी डॉक्टर रवि प्रकाश ने बताया- एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ जयपुर को एक शिकायत मिली थी। जिस में परिवादी ने बताया था कि राकेश कुमार सेठी उस से नगर निगम में डम्पर पर चालक लगाने की एवज में 3 हजार रुपए प्रतिमाह के हिसाब से रिश्वत राशि मांग रहा है। इसमें परिवादी के तीन महीने के हिसाब से कुल 9 हजार रुपए की रिश्वत राशि आरोपी राकेश सेठी द्वारा मांगी जा रही है। इस में से 1500 रुपए सत्यापन के दौरान प्राप्त किये तथा शेष राशि में से एक महीने के पैसे कम करने पर सत्यापन के दौरान 5000 रुपए में सहमति हुई थी।
रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा
इस पर एसीबी जयपुर रेंज के डीआईजी राहुल कोटोकी के सुपरवीजन में एसीबी चौकी जयपुर नगर ने यह रेड की। जिस में ज्ञानप्रकाश नवल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गम्भीर सिंह पुलिस निरीक्षक एवं अन्य के द्वारा ट्रैप की कार्रवाई को किया गया। राकेश कुमार सेठी (समयपालक) नगर निगम ग्रेटर गैराज शाखा मालवीय नगर (लालकोठी) जयपुर को 5 हजार रुपए रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से एसीबी मुख्यालय में पूछताछ की जा रही हैं। अगर किसी और की भी इस में मिलीभगत मिली तो उस के खिलाफ कार्रवाई की जाएगाी।






