राजस्थान में होने जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग के मैचों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब थम गया है। प्रदेश में आईपीएल का आयोजन खेल परिषद के नेतृत्व में ही किया जाएगा। एडहॉक कमेटी के सदस्य और हेल्थ मिनिस्टर गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह खींवसर ने इसकी पुष्टि की है।
इस फैसले के बाद वे बोले- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने खेल परिषद को राजस्थान में इंडियन प्रीमियर लीग के मैच का आयोजन करने के लिए अधिकृत किया है। यह स्वागत योग्य फैसला है, हम इसका सम्मान करते हैं। इससे पहले राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी ने खुद के नेतृत्व में आईपीएल करवाने की मांग रखी थी। लेकिन सरकार के फैसले के बाद ये तय हो गया है कि ये आयोजन खेल परिषद ही करवाएगा।

धनंजय सिंह बोले- जयपुर के साथ जोधपुर में भी होने चाहिए आयोजन
धनंजय सिंह खींवसर ने कहा कि राजस्थान में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले का आयोजन हम सबके लिए खुशी की बात है। राजस्थान के सभी 7 मैच का आयोजन राजस्थान में ही होना चाहिए था। इसके साथ ही न सिर्फ जयपुर बल्कि, जोधपुर के बरकतुल्लाह खां स्टेडियम में भी इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले आयोजित होने चाहिए। इससे राजस्थान के दर्शकों को और ज्यादा मैच देखने का मौका मिल सकेगा।
राजस्थान ने 40.7 करोड़ में 14 नए खिलाड़ी खरीदे
इस बार आईपीएल ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स टीम मैनेजमेंट ने 40.7 करोड़ रुपए खर्च कर 14 नए खिलाड़ी टीम में शामिल किए थे। राजस्थान रॉयल्स के स्क्वॉड में कुल 20 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें 13 साल के वैभव सूर्यवंशी को राजस्थान ने 1.10 करोड़ की कीमत में खरीदा था।

ये था पूरा विवाद
10 फरवरी को राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी के कन्वीनर जयदीप बिहाणी ने खेल विभाग के सचिव नीरज कुमार पवन को लेटर लिख RCA के नेतृत्व में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबला कराने की मांग की थी। इसमें उन्होंने 15 फरवरी तक जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम एडहॉक कमेटी को हैंडओवर कर दिया जाए। लेकिन जब 19 फरवरी तक भी खेल परिषद ने एडहॉक कमेटी को स्टेडियम हैंडओवर नहीं किया। इसके बाद कन्वीनर जयदीप बिहाणी ने मुख्यमंत्री से मिल इस मामले की शिकायत करने की बात कही थी।
उन्होंने कहा था कि राजस्थान में एडहॉक कमेटी ने पूरे सीजन में शानदार क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भी राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को ही इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले का आयोजन करने का न्योता दिया है। ऐसे में हमें ही इस आयोजन की जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।
जयदीप बिहाणी ने कहा था कि इस मामले को लेकर मेरी मुख्यमंत्री से फिर मुलाकात होगी। जो भी उनका फैसला होगा वह हमें स्वीकार होगा। वैसे भी हम चाहते हैं कि राजस्थान में बेहतर से बेहतर मैच का आयोजन होना चाहिए। ताकि प्रदेश के खिलाड़ियों और क्रिकेट को न सिर्फ राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।
डूंगरपुर क्रिकेट संघ के सचिव सुशील जैन ने कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का फैसला स्वागत योग्य है। हमें उम्मीद है कि खेल परिषद के नेतृत्व में जयपुर में इंडियन प्रीमियर लीग के शानदार मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रदेश के सभी जिला क्रिकेट संघों का पूरा सहयोग मिलेगा।






