राजस्थान में बारिश-ओलावृष्टि के बाद ठंडक बढ़ गई है। प्रदेश में आज नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा। इसके असर से श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के आसपास बादल छा सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 4-5 मार्च से बीकानेर और जयपुर संभाग में तापमान में गिरावट होने और सर्दी बढ़ने की संभावना जताई है। शेखावाटी इलाके में इस दौरान न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हो सकता है।

श्रीगंगानगर में रहा सबसे कम तापमान उत्तर-पूर्वी जिलों में रविवार को दिनभर हल्के बादल छाए रहे। सीकर, जयपुर, अलवर, पिलानी, अजमेर, टोंक, उदयपुर, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, धौलपुर, नागौर, सिरोही समेत कई शहरों में कल अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
कल सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस भीलवाड़ा में दर्ज हुआ। कल सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस श्रीगंगानगर में दर्ज हुआ।
चूरू, माउंट आबू, झुंझुनूं, दौसा, फतेहपुर, सिरोही, बारां और पिलानी में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।
जयपुर में छाए बादल, दिन में रही हल्की ठंडक राजधानी जयपुर में रविवार सुबह आसमान साफ रहा, लेकिन दोपहर में कुछ जगह बादल छा गए। देर शाम तक आसमान आंशिक तौर पर बादलों से ढका रहा।
जयपुर में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो औसत से थोड़ा नीचे रहा। बादल छाने से जयपुर में कल दिन में भी हल्की ठंडक रही।





