Home » राजस्थान » पति-पत्नी का एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार:उत्तराखंड हादसे में हुई थी मौत, आज चौथा शव ​और मिला; 20 यात्री चार धाम यात्रा पर गए थे

पति-पत्नी का एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार:उत्तराखंड हादसे में हुई थी मौत, आज चौथा शव ​और मिला; 20 यात्री चार धाम यात्रा पर गए थे

रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड) में बस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले उदयपुर के वकील और उनकी पत्नी का रविवार शाम को एक ​ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या वकील शामिल हुए और उन्हें अंतिम विदाई दी। भट्ट जी की बाड़ी स्थित उनके घर से अंतिम यात्रा निकाली गई, जो अशोक नगर स्थित मोक्ष धाम पर पहुंची।

बता दें, वकील संजय सोनी(55) का शव हादसे के करीब 24 घंटे बाद घटना स्थल से करीब 7 किलोमीटर दूर मिला था। शनिवार को संजय की पत्नी चेतना सोनी का शव भी घटना स्थल से 10 किलोमीटर दूर मिला, जो वाहन से उत्तराखंड से रविवार करीब 4 बजे उदयपुर पहुंचा। इसके बाद शाम करीब 6:15 बजे एक ही चिता पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।

हादसे में ड्रिमी सोनी(17) निवासी उदयपुर के पदराड़ा हाल सूरत की मौत हुई है। उनका अंतिम संस्कार भी आज पदराड़ा में कर दिया गया। ​ड्रिमी पदराड़ा पूर्व सरपंच रामलाल सोनी की पौत्री है। उन्होंने हाल ही 12वीं की परीक्षा पास की है और नीट की तैयारी कर रही थी। हादसे में अभी तक उदयपुर के 4 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें उदयपुर गोगुंदा निवासी ललित सोनी(48) का शव रविवार शाम को मिला।

दोस्त ने कहा- उनका जाना हमेशा याद रहेगा
आरएसएमएम के डिप्टी मैनेजर दिनेश दरगर ने बताया- संजय सोनी मेरे पारिवारिक मित्र थे और आरएसएमएम में करीब 20 साल से पैनल एडवो​केट थे। उन्होंने कई केस लड़े और जिताए।​ डिप्टी मैनेजर ने बताया कि रुद्रप्रयाग जाने से पहले संजय ने मुझे भी परिवार के साथ चलने के लिए बोला था। लेकिन मैंने उन्हें कहा था कि मैं पिछले साल होकर आ चुका हूं। वे काम में व्यस्तता के कारण बहुत कम ही लंबे टूर पर जाते थे। हादसा दर्दनाक था। उनका जाना हमेशा याद रहेगा।

घटना स्थल से 150 किलोमीटर दूर मिला ललित सोनी का शव
हादसे के चौथे दिन रविवार शाम को उदयपुर के गोगुंदा निवासी ललित सोनी का शव मिला। उनका शव घटना स्थल से 150 किलोमीटर दूर हरिद्वार के कनखल में मिला। शव संभवतया सोमवार तक उदयपुर पहुंचेगा। ललित सोनी की बेटी मयूरी और मौली अभी तक लापता हैं। हादसे में ललित सोनी की पत्नी हेमलता गंभीर घायल हो गई थी। जिन्हें एयर एम्बुलेंस से ऋषिकेश पहुंचाया गया था। अभी हेमलता सोनी ऋषिकेश एम्स में भर्ती है।

बस में सवार थे रिश्तेदार
उदयपुर के गोगुंदा के पदराड़ा निवासी हाल सूरत का रहने वाला सोनी परिवार और उनके रिश्तेदार भी बस में सवार थे। जिनमें ललित सोनी, उनकी पत्नी हेमलता सोनी, बेटी मयूरी और मौली थी। ललित सोनी के बहनोई ईश्वर सोनी, बहन भावना, भांजी ड्रिमी, चेष्टा और भांजा भव्य शामिल था। इनके अलावा मध्यप्रदेश के राजगढ़ निवासी उनके बहनोई विशाल सोनी, बहन गौरी सोनी व भांजा पार्थ सोनी भी शामिल था।

ट्रक की टक्कर से बस नदी में गिर गई थी
दरअसल, 11 दिन पहले राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के 20 लोग उत्तराखंड के चार धाम की यात्रा पर गए थे। इनमें 7 लोग उदयपुर के रहने वाले थे। गुरुवार सुबह केदारनाथ से बद्रीनाथ के रास्ते में उनकी बस को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। बस अलकनंदा नदी में गिर गई। हादसे में उदयपुर के संजय सोनी, उनकी पत्नी चेतना सोनी, मध्य प्रदेश के राजगढ़ निवासी विशाल सोनी(42), गौरी सोनी(41) और सूरत निवासी ड्रिमी(17) की भी मौत हुई है। हादसे में सिरोही के सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की सीनियर मैनेजर भी घायल हुई।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

Top Headlines

एलपीजी गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता एवं निर्बाध आपूर्ति के लिए जिला प्रशासन सख्त:जितेंद्र कुमार सोनी

जिला कलक्टर डॉ.जितेन्द्र कुमार सोनी ने अधिकारियों को जारी किये दिशा निर्देश अवैध भंडारण,दुरुपयोग एवं कालाबाजारी पर सख्ती से अंकुश