सीकर के सदर थाना इलाके के नाथावतपुरा गांव में शादी के घर से लाखों रुपए की नकदी और जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। रात के समय चोर आए जिन्होंने मकान के कमरों में सो रहे लोगों के गेट की कुंडी लगा दी। इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों की आवाज सुनकर परिवार की बुजुर्ग महिला जाग गई। ऐसे में चोर वहां से फरार हो गए। आज सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से डॉग स्क्वायड ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।

मकान मालिक दशरथ सिंह ने बताया कि उनके 2 बेटों की 2 नवंबर को शादी हुई थी। रात को परिवार के सभी लोग अपने कमरों में जाकर सो गए। दशरथ बैठक के कमरे में सोए हुए थे। रात को करीब 1:30 से 2 बजे के बीच उनकी मां सज्जन ने जोर-जोर से अपने कमरे का गेट बजाया। इसके बाद वह गए और मां के कमरे का गेट खोला। उन्होंने पास के कमरे में जाकर देखा तो वहां पर बक्से और अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। परिवार के बाकी लोगों की कमरे की कुंडी भी बाहर से बंद थी। जिस कमरे में सामान बिखरा हुआ था,वहां से अलमारी में रखे करीब 8 लाख नगद,4 गले के सोने के सेट,एक गले का लॉकेट सहित करीब 20 से 22 लाख रुपए के जेवरात भी गायब थे।
दशरथ सिंह के मकान के दाहिनी तरफ एक मैदान है। ऐसे में आशंका है कि इसी के रास्ते चोर दीवार फांदकर मकान में घुसे हो। और फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। लेकिन बुजुर्ग महिला सज्जन के गेट बजाने पर आरोपी फरार हो गए। जिस कमरे में चोरों ने चोरी की उस कमरे में दोनों नई दुल्हन के करीब 40 से 50 लाख रुपए के जेवरात और रखे हुए थे,जो चोरी होने से बच गए। दशरथ सिंह ने बताया कि शादी होने के चलते घर पर इतनी नकदी और जेवरात रखे हुए थे।

सुबह सदर थानाधिकारी इंद्रराज मरोड़िया सहित पुलिस थाने की टीम और डॉग स्क्वायड टीम भी मौके पर पहुंची। जिन्होंने साक्ष्य जुटाए हैं। चोरों ने जिस अलमारी से जेवरात और नकदी चुराई। उसकी चाबी बक्से में रखी हुई थी।
दशरथ सिंह ने बताया कि चोरों ने उनके कमरे के अंदर की तरफ खुलने वाले गेट की भी कुंडी लगा दी थी। लेकिन जो गेट बाहर की तरफ था वह अंदर से लॉक था,इसलिए मां सज्जन के गेट बजाने पर वह तुरंत बाहर आ गए।

नाथावतपुरा गांव के ग्रामीण धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले करीब ढाई दशक में यह गांव की सबसे बड़ी चोरी है। इससे पहले करीब 24-25 साल पहले एक मकान में जेवरात की चोरी हुई थी। गांव में चोरी की घटनाएं बेहद कम होती है।
अब इस चोरी के बाद पुलिस आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक कर रही है। इसके अलावा सीकर के गोकुलपुरा इलाके में मकान से 25 लाख के जेवरात चोरी,कोतवाली इलाके में शादी के घर से 40 लाख के जेवरात,नगदी चोरी,जिले में 3 एटीएम लूट जैसी वारदातें आज तक पुलिस खोल नहीं सकी है। इन वारदातों को कई महीने बीत चुके हैं।

कई मामलों में चोरी की रकम,लेकिन जल्द खुलासा हुआ
बता दें कि शहर में लाखों रुपए की चोरी की वारदातें पुलिस के लिए आज भी अनसुलझी है। लेकिन कई मामले ऐसे भी हैं जिनमें चोरी की रकम तो कम थी लेकिन पुलिस ने उनका खुलासा जल्दी किया और आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया गया था। उदाहरण के तौर पर 1 अगस्त को पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती के आश्रम में चोरी हुई। पुलिस ने मामले में आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया। मामले में दोनों आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात कॉन्स्टेबल सुरेंद्र कुमार के घर पर चोरी हुई। इस मामले में पुलिस ने कुछ दिनों के भीतर ही खुलासा कर दिया।






