जयपुर में एक ब्लैकमेलर युवती के 2.50 लाख रुपए ऐंठने का मामला सामने आया है। फेसबुक के जरिए एक युवक से दोस्ती कर होटल में फिजिकल रिलेशन बनाए। झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर रुपए ऐंठने के साथ ही 5 लाख रुपए की डिमांड रखी। मानसरोवर थाने में पीड़ित युवक ने ब्लैकमेलर युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले की जांच SI मुकेश कुमार कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया- खोरा बीसल के रहने वाले 33 साल के युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मई-2025 में फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती युवती से हुई थी। फेसबुक पर दोस्ती होने के बाद ही युवती ने अपने मोबाइल नंबर दे दिए। इसके बाद 6-7 दिन तक मोबाइल कॉल के जरिए दोनों की आपस में बातचीत होने लगी। आरोप है कि 21 मई को पहली बार मिलने के बहाने मानसरोवर स्थित एक होटल में बुलाया। होटल में युवती ने अपनी सहमति से फिजिकल रिलेशन बनाए।
रेप केस करवाने की धमकी दी
होटल से जाने के कुछ देर बाद ही युवती ने कॉल कर कहा- अपने मुझसे शारीरिक संबंध बनाए हैं। मुझे आप रुपए दो नहीं तो मैं पुलिस में आपके खिलाफ रेप केस दर्ज करवाऊंगी। झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 2.50 लाख रुपए की डिमांड की। जैसे-तैसे फाइनेंस कंपनी से लोन लेकर 2.18 लाख रुपए निकालकर कैश दिए।
लगातार पैसे मांगती रही युवती
ब्लैकमेल कर उससे पिछले 6 महीने में करीब 2.50 लाख रुपए ऐंठ लिए। 27 नवम्बर को कॉल कर धमकाया- 5 लाख रुपए नहीं दिए तो मैं झूठा केस करवा दूंगी और तू जेल चला जाएगा। दो-तीन दिन का समय देकर 5 लाख रुपए देने के लिए धमकी दी। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़ित युवक ने ब्लैकमेलर युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।





