पर्यावरण, स्मार्ट सिटी, 2050 के भारत का मॉडल, हरित एवं वैकल्पिक ऊर्जा और चंद्रयान-3 चर्चा में रहे
सूरतगढ़। सूरतगढ़ पी जी कॉलेज एवं सूरतगढ़ बीएड कॉलेज के संयुक्त प्रयास से तीन दिवसीय “अविष्कार” कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी के दूसरे दिन प्रदर्शनी के मुख्य विषयों में पर्यावरण, स्मार्ट सिटी, 2050 के भारत का मॉडल, हरित एवं वैकल्पिक ऊर्जा, कचरा प्रबंधन, चंद्रयान-3 और जल संरक्षण आदि चर्चा में रहे।
आज के समारोह में कार्यक्रम अध्यक्ष शिक्षाविद प्रवीण भाटिया एवं मुख्य अतिथि डॉ एस के सिहाग थे। पूर्व लोकपाल अनिल धानुका, साहब राम चाहर, भामाशाह राकेश चाहर, भामाशाह राहुल गोदारा, गगन अरोडा, डॉ हरप्रीत सिंह, नरेन्द्र गोदारा, पत्रकार नवल भोजक भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सचिव वरूण गर्ग एवं जयकिशन अरोडा ने स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।
आज सूरतगढ़ तहसील के राजकीय एवं निजी विद्यालयों के लगभग 3245 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने इस प्रदर्शनी का भ्रमण किया। डॉ सिहाग ने विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान देश की प्रगति में सहायक है और समाज को सही दिशा दिखाता है। शिक्षाविद् प्रवीण भाटिया ने छात्रों के प्रोजेक्ट्स की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक मॉडल प्रदेश स्तरीय प्रदर्शनी के समान है। आज के कार्यक्रम में सीताराम जिंदल फाउंडेशन की तरफ से स्वीकृत राशि के चेक चयनित विद्यार्थियों को वितरित किए गए। साथ ही प्रबंधक समिति की ओर से परीक्षा परिणाम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को मेडल व ट्राफी देकर सम्मानित किया गया वहीं विश्वविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मान प्रतीक चिह्न प्रदान किए गए।





