क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए गृह,गौपालन,पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म द्वारा 24 दिसंबर को ली गई उच्च स्तरीय बैठक का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है।मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के निर्देशों की अनुपालना में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने ‘ग्रामीण जल चौपाल’ का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है।यह अभियान 29 दिसंबर (सोमवार) से प्रारंभ होकर गांव-गांव तक पहुंचेगा,जिससे ग्रामीणों को पेयजल किल्लत से बड़ी राहत मिलेगी।
मंत्री की पहल: “शिकायत एक, समाधान अनेक”
गृह राज्य मंत्री बेढ़म के मार्गदर्शन में तैयार की गई इस कार्ययोजना के तहत अब ग्रामीणों को अपनी पानी की समस्या लेकर जिला मुख्यालय या दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।विभाग द्वारा जारी आदेशानुसार,तहसील बृजनगर की प्रत्येक ग्राम पंचायत के अटल सेवा केंद्रों पर जल चौपाल आयोजित की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य लीकेज,कम दबाव, खारे पानी और पाइपलाइन से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही तकनीकी और प्रशासनिक निस्तारण करना है।
29 दिसंबर से शुरू होगा ‘मैराथन अभियान’
विभाग द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार, 29 दिसंबर से डीग और बृजनगर में जल चौपालों की शुरुआत ग्राम पंचायत दिदावली और बृजनगर में रसिया से होगी। 29 दिसंबर से शुरू होने वाला यह अभियान 14 जनवरी 2026 तक अनवरत चलेगा,जिसमें सरकारी अधिकारियों के साथ-साथ निजी फर्मों के प्रतिनिधि अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे।
मंत्री का विजन: “समस्या गांव की, समाधान भी गांव में”
गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि ग्रामीणों को शिकायतों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।इसी क्रम में विभाग ने तहसील-वार और गांव-वार कार्यक्रम निर्धारित किया है।संबंधित ग्राम पंचायतों के अटल सेवा केंद्रों पर सुबह 11:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक (विभिन्न पारियों में) ये शिविर आयोजित होंगे।
1. तहसील डीग: 29 दिसंबर से 12 जनवरी तक यहाँ लगेंगे शिविर
डीग तहसील में सहायक अभियंता रविन्द्र सिंह और फर्म प्रतिनिधि सूरज सिंह की उपस्थिति में निम्न तिथियों पर इन गांवों में सुनवाई होगी:
* 29 दिसंबर: दिदावली, परमदरा, गुहाना।
* 31 दिसंबर: पास्ता, धमारी।
* 02 जनवरी: पान्हौरी, शीशवाडा, मौरोली।
* 05 जनवरी: जनूथर, दांतलोठी, जाटौली थून।
* 06 जनवरी: बेढ़म, ककडा, मवई।
* 08 जनवरी: खोह, चुल्हेरा, पसोपा।
* 09 जनवरी: बरई, बन्धा चौथ, निगोही।
* 12 जनवरी: टोडा, गढी मेवात।
2. तहसील नगर: 29 दिसंबर से 08 जनवरी तक महा-कवरेज
नगर तहसील में सहायक अभियंता पुष्पा और फर्म प्रतिनिधि वासुदेव शर्मा मौके पर मौजूद रहेंगे:
* 29 दिसंबर: रसिया, गंगावक, सुन्दरावली।
* 30 दिसंबर: आलमशाह, बेरू, खेस्ती।
* 31 दिसंबर: खखावली, पेन्डका, सिरथला।
* 02 जनवरी: मौराका, मानौता कलां, जालूकी।
* 05 जनवरी: भटपुरा, सेमली, गहनकर, सादपुरी।
* 06 जनवरी: तरोंडर, मुडेरा, थून (नगर)।
* 07 जनवरी: दूनाबल, मूढिया, चिरावल माली।
* 08 जनवरी: फतेहपुर कलां, मुडौती, सैमला।
3. तहसील सीकरी: 09 जनवरी से 14 जनवरी तक सघन अभियान
सीकरी क्षेत्र में भी सहायक अभियंता पुष्पा और फर्म प्रतिनिधि वासुदेव शर्मा शिविरों का प्रभार संभालेंगे:
* 09 जनवरी: पालका, जयश्री, गुलपाडा, डाबक।
* 12 जनवरी: पुनाय, झझार, वेला, सिहावली।
* 13 जनवरी: पडलवास, रायपूर सूकेती, उडकीदल्ला, ककराला।
* 14 जनवरी: तेस्की, खोहरी, वासबुर्जा, जलालपुर, नागल।
अधिकारियों और निजी फर्मों की जवाबदेही तय
मंत्री बेढ़म की सख्त हिदायत के बाद विभाग ने आदेश जारी किया है कि इन जल चौपालों में केवल सरकारी अधिकारी ही नहीं,बल्कि मैसर्स आई.वी.आर.सी.एल (IVRCL) और जी.ए. इंफ्रा (GA Infra) जैसी कार्यकारी एजेंसियों के प्रोजेक्ट मैनेजर और प्रतिनिधि भी मय टीम उपस्थित रहेंगे।
शिविर प्रभारी: संबंधित सहायक अभियंता
निर्देश: यदि फर्म प्रतिनिधि या अधिकारी अनुपस्थित पाए गए, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
“जल प्रबंधन से जन-कल्याण”: मंत्री बेढ़म
इस अभियान के बारे में गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि पेयजल आपूर्ति केवल एक सरकारी काम नहीं,बल्कि मानवता की सेवा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा है कि ‘जल जीवन मिशन’ का लाभ हर घर को मिले। यह जल चौपाल उसी दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।मेरा प्रयास है कि बृजनगर विधानसभा का कोई भी कंठ प्यासा न रहे।





