*पीएम-कुसुम योजना से किसान बन रहे ऊर्जादाता, ग्रामीण विकास को मिल रही नई गति— वी. सरवण कुमार*
*न्यूज इन राजस्थान जयपुर*
जयपुर संभागीय आयुक्त वी. सरवण कुमार ने गुरुवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर उपखंड के ग्राम भूपसेड़ा में पीएम-कुसुम योजना के तहत स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्र का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों को अन्नदाता के साथ-साथ ऊर्जादाता बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त कर रही है तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान को ऊर्जा उत्पादन में सरप्लस राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से किसानों को दिन में निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल रही है जिससे सिंचाई आसान हुई है, खेती की लागत घटी है और अतिरिक्त आय के अवसर भी बढ़े हैं। उन्होंने भूपसेड़ा के प्रगतिशील किसान बलवीर सिंह मोगर द्वारा स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्र का निरीक्षण करते हुए इसे अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने क्षेत्र के अन्य किसानों को योजना के बारे में जागरूक करने को कहा।संयंत्र संचालक बलबीर मोगर के पुत्र नीरज यादव ने बताया कि भूपसेड़ा में 5-5 हेक्टेयर क्षेत्र में स्थापित दोनों सौर संयंत्रों से कल्याण नगर एवं बालावास जीएसएस से जुड़े फीडरों पर भरपूर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। बानसूर क्षेत्र में अब तक लगभग 10 सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिनसे करीब 4 हजार किसानों को दिन में विद्युत आपूर्ति का लाभ मिल रहा है। इनमें कल्याण नगर के 310 तथा बालावास के 362 कृषि उपभोक्ताओं को नियमित दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।एक्सईएन अमित यादव ने बताया कि जिले में पीएम-कुसुम योजना के तहत अब तक 21 सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। लगभग 49 मेगावाट क्षमता वाले इन संयंत्रों से प्रतिमाह करीब 61 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है, जिससे हजारों किसानों को दिन में कृषि विद्युत आपूर्ति का लाभ मिल रहा है।इस अवसर पर जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण एवं उपखंड अधिकारी अनुराग हरित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.






