राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र,ट्रस्ट ने सभी संपत्तियों को बताया सुरक्षित
निकाय चुनाव पर बोले— निर्वाचन आयोग का हर फैसला स्वीकार, आज चुनाव हों तो भी भाजपा तैयार
न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा
जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के बयानों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी भगवान राम और राम मंदिर निर्माण का समर्थन नहीं किया, वे आज मंदिर की व्यवस्था पर सवाल उठाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और इस विषय पर राजनीति करना उचित नहीं है।राठौड़ ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि मंदिर की सभी संपत्तियां और चढ़ावा पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा उनका विवरण सार्वजनिक किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर कोई अनियमितता सामने आती है तो कानून अपना काम करेगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी, लेकिन इस मुद्दे पर अनावश्यक राजनीतिक बयानबाजी स्वीकार्य नहीं है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके अशोक गहलोत को अपनी पार्टी की स्थिति और अपने शासनकाल की समस्याओं पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत सरकार के दौरान पानी, बिजली, पेपर लीक और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं जैसे गंभीर मुद्दों पर जवाब देने के बजाय अब राम मंदिर जैसे आस्था के विषय को राजनीति का माध्यम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने मंदिर निर्माण का विरोध किया, उन्हें इस विषय पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है।राठौड़ ने राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व ट्रस्टियों और महासचिव चंपत राय का बचाव करते हुए कहा कि उन पर किसी प्रकार का प्रश्नचिह्न नहीं लगाया जा सकता। यदि किसी निचले स्तर का कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होगी।
निकाय चुनावों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार और भाजपा संगठन पूरी तरह तैयार हैं तथा निर्वाचन आयोग जब भी चुनाव की घोषणा करेगा, पार्टी पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि ओबीसी आयोग की रिपोर्ट निर्वाचन आयोग के पास पहुंच रही है और कांग्रेस इस मुद्दे पर समाज को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। राठौड़ ने दावा किया कि भाजपा ने 78 उपचुनावों में 62 सीटों पर जीत दर्ज की है और अधिकांश स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी को सफलता मिली है। इसलिए भाजपा को चुनाव से डरने की बात पूरी तरह निराधार है।
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर राठौड़ ने कहा कि भाजपा राजस्थान की परिस्थितियों के अनुरूप मसौदा तैयार कर रही है। इसके लिए विभिन्न वर्गों से सुझाव लिए जा रहे हैं और विपक्ष चाहे तो वह भी अपने सुझाव दे सकता है। उन्होंने कहा कि यूसीसी का मसौदा विधानसभा में भी लाया जाएगा, जहां सभी पक्ष अपनी राय रख सकेंगे।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.






