Home » राजस्थान » स्पीकर देवनानी की अध्यक्षता में सातवीं सर्वदलीय बैठक, सर्वदलीय बैठक परम्परा का सभी दलों ने किया स्वागत

स्पीकर देवनानी की अध्यक्षता में सातवीं सर्वदलीय बैठक, सर्वदलीय बैठक परम्परा का सभी दलों ने किया स्वागत

जयपुर। स्पीकर वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में मंगलवार को विधान सभा में सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में पक्ष और प्रतिपक्ष के सदस्यों ने स्पीकर देवनानी ‌द्वारा आरम्भ की गई सर्वदलीय बैठक परम्परा का स्वागत किया। सभी दलों के सदस्यों ने स्पीकर देवनानी की पहल से आयोजित राजस्थान विधान सभा के 75वें वर्ष पर हुए पूर्व व वर्तमान विधायकों के समागम कार्यक्रम को बेहतरीन बताया। पक्ष और प्रतिपक्ष ने इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए श्री देवनानी का धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रारम्भ में देवनानी ने बैठक में सभी सदस्यों का अभिवादन किया।

सदन शांतिपूर्वक चलने पर बनी सहमति- सर्वदलीय बैठक में सकारात्मक रूख के साथ सदन शांतिपूर्वक चलाने, सदन व आसन की गरिमा को बनाये रखने और सम्मानजनक व गरिमा बनाये रखने वाले शब्दों का उपयोग किये जाने पर सभी दलों द्वारा सहमति व्यक्त की गई। पक्ष और प्रतिपक्ष दोनों ने अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि सदस्य सदन में मर्यादापूर्ण व्यवहार से अपनी बात रखेंगे। जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करेंगे। देवनानी ने भी आश्वस्त किया कि चर्चा में बोलने का सभी को पर्याप्त समय दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि सदन में नियमों के अनुरूप प्रतिपक्ष जनहित के मुद्दे उठाये और राज्य सरकार उनका समाधान करने का पूरा प्रयास करें। उल्लेखनीय है कि सोलहवीं राजस्थान विधान सभा के षष्ठम सत्र की बैठकें गुरुवार 20 अगस्त से प्रारम्भ होगी।

सदन चलाना, सदस्यों की सामूहिक जिम्मेदारी- विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि सदन में सार्थक चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सदन और आसन की गरिमा सभी सदस्य बनाये रखे। सभी दलों के सदस्य सकारात्मक सोच के साथ सदन में भागीदारी निभायें। सदन चलाना सदस्यों की सामूहिक जिम्मेदारी होती है। श्री देवनानी ने कहा कि सदन जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने का पावन स्थल है। यहां सदस्यों की चर्चा को गम्भीरता से लिया जाता है।

सर्वदलीय बैठक के सकारात्मक परिणाम, पहल की सराहना- राजस्थान विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि सदन में रखी गयी बातों को सरकार गंभीरता से ले। सदन चलाने की जिम्मेदारी पक्ष के साथ प्रतिपक्ष की भी है। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि राजस्थान विधान सभा में सर्वदलीय बैठक का आयोजन अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की महत्वपूर्ण पहल है। बैठक में सदन संचालन में सर्वदलीय बैठक के सकारात्मक परिणामों की सराहना की गई। सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, प्रतिपक्ष के मुख्य सचेतक रफीक खान, भारत आदिवासी पार्टी के थावरचन्द, बहुजन समाज पार्टी के मनोज कुमार, राष्ट्रीय लोकदल के डॉ. सुभाष गर्ग और विधान सभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा बैठक में मौजूद थे।

newsinrajasthan
Author: newsinrajasthan

NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.

0
0

RELATED LATEST NEWS

Top Headlines