जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान साइबर क्राइम पुलिस ने रक्षाबंधन के अवसर पर आमजन के लिए विशेष साइबर एडवाइजरी जारी करते हुए त्योहार के दौरान बढ़ने वाली ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की अपील की है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम वीके सिंह ने बताया कि साइबर ठग व्हाट्सएप पर RakshaBandhan.Greeting.apk और Festival.Gift.apk जैसी फाइलें भेजकर लोगों को जाल में फंसा रहे हैं। इन फाइलों को डाउनलोड और इंस्टॉल करते ही मोबाइल फोन का नियंत्रण साइबर अपराधियों के हाथ में पहुंच सकता है। इसके बाद ठग मोबाइल के कैमरे, गैलरी, मैसेज और बैंकिंग एप्लिकेशन तक पहुंच बना लेते हैं।
एडीजी सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन स्पेशल ऑफर, फ्री गिफ्ट वाउचर, फ्री रिचार्ज और भारी छूट जैसे आकर्षक संदेशों के माध्यम से लोगों को फर्जी वेबसाइटों के लिंक पर क्लिक करने के लिए प्रेरित किया जाता है। इन फिशिंग लिंक के जरिए साइबर अपराधी बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी चुराकर लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं।
एडीजी सिंह ने बताया कि साइबर ठग रिश्तेदारों के नाम से फर्जी सोशल मीडिया या व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाकर पैसों की मांग कर सकते हैं। इसके अलावा “आपके भाई या बहन ने आपके लिए राखी भेजी है” जैसे संदेशों के जरिए फर्जी कूरियर और गिफ्ट डिलीवरी के नाम पर भी लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।
राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अनजान एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। व्हाट्सएप की सेटिंग में जाकर मीडिया ऑटो-डाउनलोड को बंद रखें और अकाउंट की सुरक्षा के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन को सक्रिय करें। यदि किसी परिचित के नाम से कोई संदिग्ध लिंक या पैसों की मांग वाला संदेश प्राप्त होता है, तो उस पर भरोसा करने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर जानकारी की पुष्टि अवश्य करें।
साइबर सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सुझाव
° किसी भी एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।
° व्हाट्सएप का मीडिया ऑटो-डाउनलोड बंद रखें।
° टू-स्टेप वेरिफिकेशन को सक्रिय करें।
° फर्जी गिफ्ट, कूपन और डिस्काउंट लिंक पर क्लिक करने से बचें।
° किसी भी संदिग्ध संदेश की पहले पुष्टि करें।
किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत निकटतम पुलिस स्टेशन, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, साइबर हेल्पडेस्क नंबर 9256001930 / 9257510100 या पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.



