जयपुर। कोटा शहरवासियों को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सौगात मंगलवार को मिल गई। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत कोटा में शुरू हुई गुलाबी रंग की ई-बसों को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कोटा में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन, जिला कलक्टर एवं कोटा बस सर्विस लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक पीयूष समारिया तथा नगर निगम आयुक्त एवं कोटा बस सर्विस लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश मेहरा ने बसों को हरी झंडी दिखाई। जैसे ही ई-बसें शहर की सड़कों पर उतरीं, लोगों की नजरें इन पर टिक गईं। गुलाबी रंग में सजी आकर्षक बसें शहरवासियों के बीच कौतूहल का विषय बनी रहीं। सड़क से गुजरती बसों को लोग एकटक देखते रहे और इनमें सफर करने की उत्सुकता भी नजर आई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि ये बसें कम किराए में यात्रियों को अधिक सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराएंगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ये पूरी तरह प्रदूषण मुक्त हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य देश में कार्बन उत्सर्जन को न्यूनतम स्तर पर लाना है और इसी दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ई-बसों का संचालन शहर के पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देगा। आधुनिक परिवहन व्यवस्था से शहरवासियों को सुविधा मिलने के साथ ही प्रदूषण में कमी आएगी।
संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने कहा कि ई-बस सेवा की शुरुआत कोटा जिले के लिए बेहद बेहतरीन शुरुआत है। प्रयास किया जा रहा है कि यात्री को 5 से 10 मिनट के अंतराल में बस की सुविधा उपलब्ध हो। आगामी समय में शहर में करीब 20 रूटों पर बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
कोटा बस सर्विस लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एवं जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि कोटा को 100 पीएम ई-बसें आवंटित की गई हैं। इनमें से 48 बसें कोटा पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष 52 बसें भी जल्द आएंगी। जिन बसों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी हो गई है, उनका संचालन मंगलवार से शुरू कर दिया गया है। शेष बसों का रजिस्ट्रेशन पूरा होते ही संचालन शुरू कर दिया जाएगा। सभी 100 बसों के संचालन में आने के बाद शहर के 20 रूट पर पीएम ई-बसों का नेटवर्क उपलब्ध होगा। इससे शहरवासियों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधाजनक और आधुनिक सेवा मिल सकेगी।
कोटा बस सर्विस लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि पीएम ई-बसों में आधुनिक सुविधाओं के साथ यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक बस में 7 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो बस में प्रवेश करने और उतरने वाले यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। इन कैमरों को सेंट्रल कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक सीट के नीचे पैनिक बटन की सुविधा दी गई है। किसी यात्री को परेशानी होने अथवा तत्काल सहायता की आवश्यकता होने पर वह पैनिक बटन के माध्यम से मदद मांग सकेगा।
बसों में गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीटें आरक्षित रखी गई हैं। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए बस में हाइड्रोलिक लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है। इसके माध्यम से व्हीलचेयर सहित दिव्यांग यात्री को आसानी से बस में प्रवेश कराया जा सकेगा।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.



