चौमूं शहर के रेनवाल रोड स्थित पांच्या की ढाणी में अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी के दौरान राज्य वृक्ष खेजड़ी के हरे पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है।
घटना के 72 घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की गई है, जिससे प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

यह घटना पांच्या की ढाणी के वार्ड नंबर 5 में हुई, जो जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के अधिकार क्षेत्र में आता है। आरोप है कि बिना जेडीए की स्वीकृति और भू-रूपांतरण के लगभग 10 बीघा जमीन पर अवैध कॉलोनी विकसित करने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान हरे खेजड़ी के पेड़ों को जेसीबी से उखाड़ा गया।

शुक्रवार को जेडीए के तहसीलदार दिनेश कुमार विश्नोई ने मौके का निरीक्षण किया। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि निरीक्षण के बावजूद इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पेड़ों को रात के समय जेसीबी मशीन से जड़ से उखाड़ा गया। जेसीबी की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसका विरोध किया। विवाद बढ़ने पर उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़, तहसीलदार विजयपाल विश्नोई, नायब तहसीलदार सुरेश देवत, वन विभाग के रेंजर गजेंद्र कुमावत और स्थानीय चौमूं थाने को सूचना दी गई।

इसके बाद नायब तहसीलदार सुरेश देवत के नेतृत्व में एक टीम ने मौका रिपोर्ट तैयार की और सख्त कार्रवाई की अनुशंसा की। यह रिपोर्ट तहसीलदार डॉ. विजयपाल विश्नोई को सौंप दी गई है। बावजूद इसके, घटना सामने आने और रिपोर्ट तैयार होने के बाद भी 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने पर भी FIR दर्ज न होना चिंता का विषय बना हुआ है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.




