अजमेर में नगर निगम चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने गुरुवार को चुनावी अभियान का आगाज करते हुए शहर में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में निकली वाहन रैली में विंटेज कारों के साथ लग्जरी चार पहिया और बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन शामिल हुए।
रैली के जरिए कांग्रेस ने भाजपा के 36 साल के नगर निकाय शासन पर हमला बोला और शहर के विकास, टूटी सड़कों, पानी-बिजली, नालियों और आनासागर की बदहाली को चुनावी मुद्दा बनाया।
हालांकि, शक्ति प्रदर्शन के बीच कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी भी नजर आई। महज 48 घंटे पहले एकजुटता का संदेश देने वाले पायलट गुट के नेता वाहन रैली से नदारद रहे।

पोस्टर-बैनरों में भाजपा के 36 साल के शासन को घेरा
कांग्रेस की वाहन रैली में लगाए गए पोस्टर और बैनरों के जरिए भाजपा के नगर निकाय शासन पर निशाना साधा गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि पिछले 36 साल में भाजपा ने शहर को विकास के नाम पर बदहाल कर दिया।
उन्होंने टूटी सड़कों, नालियों, पानी-बिजली की समस्या और आनासागर की स्थिति को लेकर भाजपा को घेरा। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि इस बार पार्टी का बोर्ड और मेयर बनाकर अजमेर के विकास को नई दिशा दी जाएगी।

‘कांग्रेस बैकफुट पर नहीं, आक्रामक मूड में’
कांग्रेस के विधि सलाहकार विवेक पाराशर ने कहा कि यह रैली भाजपा को आईना दिखाने के लिए है। उन्होंने स्मार्ट सिटी, गांधी उद्यान और रामसेतु ब्रिज सहित शहर के प्रमुख प्रोजेक्ट्स की स्थिति को लेकर सवाल उठाए। पाराशर ने कहा कि कांग्रेस इस बार पूरी तरह आक्रामक रुख के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और जनता भाजपा के कथित कुशासन का जवाब देगी।

48 घंटे पहले एक मंच पर थे, रैली में दिखे अलग-अलग
नगर निगम चुनाव की घोषणा से पहले पूर्व शहर अध्यक्ष विजय जैन और पीसीसी सदस्य हेमंत भाटी ने पूर्व आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ पर पार्टी में खींचतान बढ़ाने के आरोप लगाए थे।
विवाद के बाद मंगलवार को सभी नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक मंच पर आए और एकजुटता का संदेश दिया था। लेकिन गुरुवार की वाहन रैली में विजय जैन, हेमंत भाटी और उनके समर्थकों की गैरमौजूदगी ने एक बार फिर कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को चर्चा में ला दिया।

Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.





