*प्रदेश भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 75 वां गणतंत्र दिवस*
जयपुर(सुनील शर्मा) प्रदेश में 75 वां गणतंत्र दिवस समारोह शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ समारोह पूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालयों पर आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्रियों, मंत्री परिषद के सदस्यों, संभागीय आयुक्तों एवं जिला कलक्टर्स द्वारा ध्वज फहराने के बाद मार्च पास्ट की सलामी ली गई तथा स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। इस अवसर पर उल्लेखनीय सेवाओं के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों व समाजसेवी लोगों को सम्मानित भी किया गया।
दूदू-
जिले में उप मुख्यमंत्री सुश्री दिया कुमारी के मुख्य आतिथ्य में गणतंत्र दिवस समारोह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दूदू के खेल मैदान में हर्षाेल्लास से मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह में उप मुख्यमंत्री ने ध्वज फहरा कर परेड की सलामी ली। इसके बाद अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री रतनलाल योगी ने राज्यपाल का संदेश पठन किया। गणतंत्र दिवस समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा व्यायाम प्रदर्शन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री सुश्री दिया कुमारी ने छात्र छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम व संयुक्त मार्च पास्ट की सराहना करते हुए सभी जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले सभी शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की साथ ही संविधान निर्माताओं को नमन किया।
गणतंत्र दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए उप मुख्यमंत्री सुश्री दिया कुमारी ने जिला प्रशासन, उपस्थित जनसमूह व प्रतिभागियों को बधाई देते हुए वीरांगनाओ को प्रणाम किया।
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में उप मुख्यमंत्री सुश्री दिया कुमारी द्वारा वीरांगना सरोज देवी को सम्मानित किया गया। साथ ही विशिष्ठ सेवाओं व उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए कार्मिकों,छात्र छात्राओं,पत्रकारों व समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा झांकियों के माध्यम से विभागीय कार्यों व योजनाओं के बारे में बताया गया।
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में जिला कलेक्टर डॉ अर्तिका शुक्ला, जिला प्रमुख रमा चौपड़ा, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री रतनलाल योगी, सभापति कमलेश देवी, दूदू प्रधान श्री रवि चौधरी, उप सभापति श्री अमित जोशी सहित अन्य जन प्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहें।
झुंझुनूं-
गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह शुक्रवार को जिला मुख्यालय के स्वर्ण जयंती स्टेडियम पर आयोजित किया गया। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने देश के वीर शहीदों, स्वतंत्र सेनानियों को नमन करते हुए आजादी के पर्व को खुशी के साथ मनाने की बात कही। उन्होंने झुंझुनूं की वीर धरा को विशेष रूप से नमन करते हुए कहा कि इस जिले ने देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सैनिक दिए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे महापुरूषों ने अंग्रेजी हुकुमत से आजादी दिलाई। संविधान के निर्माता बाबा डॉ. भीमराव अम्बेडकर के योगदान को कौन भूल सकता है, जिनके संविधान की वजह से आज भारत का लोकतंत्र सबसे सम्पन्न है। हमारे वैज्ञानिकों का लौहा पूरी दूनिया मान रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के हर घर तिरंगा अभियान ने देशवासियों में नई उर्जा का संचार किया है। उन्होंने कहा कि आज का दिन देशवासियों के लिए गौरव, उत्साह और उमंग का दिन है। उन्होंने कहा कि 500 वर्षाे बाद अयोध्या मे रामलला की स्थापना देश और देशवासियो के लिए गौरव की बात है।
ध्वज फहराने के बाद उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा को पुलिस बैण्ड द्वारा राष्ट्रीय धुन के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद डॉ. बैरवा ने परेड का निरीक्षण कर मार्च-पास्ट सलामी ली। अतिरिक्त जिला कलक्टर चंदन दूबे द्वारा राज्यपाल के संदेश का वाचन किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र एवं पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। जिला स्तरीय समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई। विभिन्न विभागों की ओर से आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। स्कूली बच्चों द्वारा शारीरिक व्यायाम, बैण्ड प्रदर्शन किया गया।
सांसद श्री नरेन्द्र कुमार, जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल, सीईओ श्री जवाहर चौधरी, पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन एवं अधिकारी-कर्मचारी एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद्र बैरवा जिला स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत करने से पहले शहीद स्मारक पंहुचे। यहां पर उन्होंने शहीद वेदी पर पुष्पांजलि अर्पित कर ज्ञात -अज्ञात शहीदों को नमन किया। इस दौरान सांसद श्री नरेन्द्र कुमार, जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल भी मौजूद रही। उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने मंडावा मोड़ पर चर्मशिल्प संस्थान की और से आयोजित स्वागत समारोह में शिरकत की। डॉ. बैरवा ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर पार्क में डॉ. अम्बेडकर की मूर्ति पर माल्यापर्ण कर वहां पर पौधारोपण भी किया।
जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र विश्नोई ने, जिला परिषद में सीईओ जवाहर चौधरी ने ध्वजारोहण किया।
इनका हुआ सम्मान: गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह में छात्र-छात्रा एवं खिलाड़ी वर्ग में राकेश एकडेमी सी.सै. स्कूल पिलानी के विशाल पुत्र सज्जन कुमार, कुमावास की हैप्पी कुमारी पुत्री राजेश कुमार, चमेली देवी राउमावि बुहाना की निशा शर्मा पुत्री कृष्ण कुमार शर्मा, अशोक नगर बगड के राकेश कुमार सैनी, सीतसर के कार्तिक पुत्र सतपाल, सैनिक स्कूल के आकर्ष मिश्रा, शहीद गणेश राम रामावि सोटवारा के निखिल कुमार का सम्मान किया गया। यंग इर्न्टन प्रोग्राम के तहत बुडानिया की ढाणी के अजय कुमार एवं सीकर के कौशल जांगिड का सम्मान किया गया।
दौसा-
75 वें गणतन्त्र दिवस का जिलास्तरीय समारोह राजेश पायलट स्टेडियम के प्रागंण में समारोह पूर्वक मनाया गया। समारोह में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वज फहराया तथा परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।
समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को प्रशंसा पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेश बुनकर ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। समारोह में जिला कलक्टर श्री देवेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, उपवन संरक्षक रामान्द भाकर, पूर्व मंत्री एवं विधायक दौसा श्री मुरारी लाल मीना, जिला प्रमुख श्री हीरा लाल सैनी, नगर परिषद सभापति ममता चौधरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेश बुनकर, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री लालसोट बीना महावर सहित अन्य अधिकारी ,जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
जोधपुर-
गणतंत्र दिवस जोधपुर जिले भर में शुक्रवार को समारोहपूर्वक मनाया गया। मुख्य अतिथि संसदीय कार्य, विधि एवं न्याय मंत्री श्री जोगाराम पटेल ने ध्वज फहराया तथा परेड निरीक्षण के उपरान्त मार्च पास्ट की सलामी ली।
श्री जोगाराम पटेल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रतिभाओं और विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त 85 महानुभावों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। राज्यपाल का संदेश पठन अतिरिक्त जिला कलक्टर(प्रथम) श्री जयनारायण मीणा ने किया।
संसदीय कार्य, विधि एवं न्याय मंत्री ने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्पों को साकार करने में प्राण-प्रण से जुटने का आह्वान किया।
समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने सामूहिक व्यायाम प्रस्तुत किए। इसी प्रकार देशभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोहने के साथ ही देशप्रेम का ज्वार उमड़ा दिया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री राजेंद्र गहलोत, विधायक, सूरसागर श्री देवेन्द्र जोशी, विधायक जोधपुर शहर श्री अतुल भंसाली, पूर्व सांसद श्री जसवंत सिंह बिश्नोई, महापौर नगर निगम (दक्षिण) सुश्री वनिता सेठ, महापौर नगर निगम (उत्तर) श्रीमती कुंती देवड़ा, सम्भागीय आयुक्त श्री बीएल मेहरा, पुलिस महनिरीक्षक जोधपुर रेंज श्री जयनारायण शेर, जिला कलक्टर श्री गौरव अग्रवाल एवं पुलिस आयुक्त श्री रविदत्त गौड़ सहित अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सवाई माधोपुर-
75वॉं गणतंत्र दिवस समारोह 2024 शुक्रवार को जिलेभर में हर्षोल्लास व उमंग के साथ मनाया।
जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर तिरंगे को सलामी दी। पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान का वादन किया गया।
मुख्य अतिथि कर्नल राज्यवर्धन राठौड ने खुली जिप्सी में सवार होकर मार्च पास्ट का निरीक्षण किया। इस अवसर पर बैंड की धुन के साथ प्लाटून कमाण्डर पूराराम चौधरी के नेतृत्व में राजस्थान सषस्त्र बल, उप निरीक्षक राजस्थान पुलिस टीनू सोगरवाल के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस बल, मोहन लाल चौधरी के नेतृत्व में राजस्थान गृह रक्षा दल, सीनियर अण्डर ऑफिसर मोहित स्वामी के नेतृत्व में राष्ट्रीय कैडिट कोर (एनसीसी), अदिति भसवर के नेतृत्व में राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड एवं पवन महावर के नेतृत्व में हिन्दुस्तान स्काउट गाइड आदि ने मार्चपास्ट किया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री जीतेन्द्र सिंह नरूका ने राज्यपाल के संदेष का पठन किया। जिसके पश्चात मुख्य अतिथि मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, जिला कलक्टर डॉ. खुषाल यादव, जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला ने एण्डा निवासी शहीद वीरांगना धोली देवी एवं जानकी देवी को स्मृति चिह्न भेंट कर व शॉल उढ़ाकर सम्मानित किया।
कोटा-
जिले भर में 75 वां गणतंत्र दिवस गरिमामय एवं उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया गया। मुख्य अतिथि शिक्षा, संस्कृत शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री श्री मदन दिलावर ने ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के उपरांत मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी ली।
मुख्य अतिथि ने कहा कि देश के महान सपूतों और शहीदों के बलिदान के कारण आज हम गणतंत्र के अमृतकाल के साक्षी बन रहे हैं। यह गणतंत्र अनादिकाल तक चलता रहे इसके लिए हम सब को समर्पण और कर्तव्यनिष्ठ होना होगा।
मुख्य अतिथि ने मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह में जिले में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्यों के लिए 74 प्रतिभाओ का सम्मान किया गया।
समारोह में विभिन्न राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा संगीत की धुनांे के मध्य रंग बिरंगी पट्टियों को हाथ में लेकर शारीरिक व्यायाम का प्रदर्शन किया गया। इसी के साथ राष्ट्रभक्ति गीत का भी गायन किया गया। मल्लखंभ की आकर्षक एवं रोमांचक प्रस्तुति देकर छात्र-छात्राओं ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया।
समारोह में जिला प्रमुख श्री मुकेश मेघवाल, संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह, महानिरीक्षक पुलिस कोटा रेंज श्री प्रसन्न कुमार खमेसरा, जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक शहर श्री शरद चौधरी, ग्रामीण श्री कावेन्द्र सिंह सागर एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
शिक्षा मंत्री ने वीरांगनाओं एवं शहीद परिवारजनों का भी सम्मान किया गया। मंत्री श्री मदन दिलावर ने उनके पास पहुंचकर वीरांगनाओं एवं शहीद परिवार के सदस्यों का सम्मान किया और चरण स्पर्श किए।
टोंक-
टोंक जिले में 75वां गणतंत्र दिवस शुक्रवार को बेहद हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस लाइन ग्राउण्ड में आयोजित किया गया, जहां समारोह के मुख्य अतिथि जलदाय और भू जल मंत्री श्री कन्हैया लाल चौधरी ने सुबह 9 बजे ध्वज फहराया।
समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण के बाद आरएसी, राजस्थान पुलिस, राजस्थान महिला पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड की टुकड़ियां मंच से सलामी लेते हुए गुजरीं। आरएसी एवं राजस्थान पुलिस के बैंडों ने राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत धुनें बजाईं। मुख्य अतिथि ने वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही, जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 57 प्रतिभाओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. सूरज सिंह नेगी ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
इस अवसर पर सांसद श्री सुखबीर सिंह जौनपुरिया, जिला प्रमुख श्री सरोज बंसल, जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, पुलिस अधीक्षक श्री राजर्षि राज वर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जालोर-
जालोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वज फहरा कर परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। मुख्य समारोह में जिला कलक्टर श्री निशान्त जैन, जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने गणतंत्र दिवस पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन के कल्याण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सेवा एवं सुशासन के संकल्प को साकार करते हुए राजस्थान विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में 100 दिवसीय कार्ययोजना के तहत लोक कल्याणकारी फैसलों एवं नीतिगत निर्णयों के कारण राजस्थान प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
मुख्य समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री रोहित कुमार ने राज्यपाल का आम जनता के नाम सन्देश का पठन किया ।
जिले मे उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों व संस्थाओं को भी मुख्य समारोह में प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
अजमेर-
अजमेर जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय समारोह में जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने ध्वज फहराकर मार्चपास्ट की सलामी ली। राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन श्री लोकेश कुमार गौतम ने किया।
जिला स्तरीय समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों को भी सम्मानित किया गया। जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 79 व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्रीमती अनिता भदेल, महापौर श्रीमती बृजलता हाडा, सहित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
ब्यावर-
75वां गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामयी व हर्षाेल्लास से मनाया गया । जिला स्तरीय समारोह सम्राट पृथ्वीराज चौहान खेल स्टेडियम में आयोजित हुआ ।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि ध्वज फहराकर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री बजरंग सिंह ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया ।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह गणतंत्र दिवस दो विशेष कारणों से अहम है । पहला 75वां गणतंत्र दिवस देश की नारी शक्ति को समर्पित है दूसरा यह गणतंत्र दिवस विकसित भारत की थीम को लेकर मनाया जा रहा है ।
समारोह में मुख्य अतिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 70 अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षको, छात्र छात्राओं, खिलाड़ियों, विभिन्न संस्थाओं एवं भामाशाहों को सम्मानित किया गया । सम्मानित होने वालों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मान किया गया ।
समारोह में देश की स्वतंत्रता में अहम योगदान देने वाले स्वतन्त्रता सेनानियों एवं शहीदों की वीरांगनाओं का शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पहार भेंट कर सम्मान किया गया।
बीकानेर-
75 वां गणतंत्र दिवस शुक्रवार को डॉ करणी सिंह स्टेडियम में समारोह पूर्वक मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने ध्वज फहराया। शांति के प्रतीक सफेद कपोत और रंग बिरंगे गुब्बारे हवा में छोड़कर खुशहाली, समृद्धि और स्वतंत्रता का संदेश दिया गया। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) प्रतिभा देवठिया ने किया।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने जिले वासियों को 75वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा संविधान विश्व का श्रेष्ठतम संविधान है।
मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और सेवाएं देने वाली 63 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। मार्च पास्ट में आरएसी की तीसरी और 10 वीं बटालियन, राजस्थान पुलिस प्लाटून, महिला प्लाटून, एनसीसी कैडेट्स, एसपीसी, होमगार्ड्स के जवान व सोफिया व बीबीएस स्कूल के विद्यार्थी शामिल हुए। मार्च पास्ट का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के (प्रशिक्षु) अधिकारी आदित्य ने किया। इसमें 13 टुकड़ियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी स्व. श्री झंवर लाल हर्ष की धर्मपत्नी श्रीमती लक्ष्मी देवी का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।
पाली-
पशुपालन मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इससे पहले मंत्री श्री कुमावत ने शहीद स्मारक पहुंच कर पुष्पचक्र अर्पित किया। इस दौरान संभागीय आयुक्त श्रीमती वंदना सिंघवी ,जिला कलेक्टर श्री एल एन मंत्री सहित अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन डॉ राजेश गोयल ने राज्यपाल के संदेश का वाचन किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर मंत्री श्री कुमावत ने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना हम सब का कर्तव्य है और देशभक्ति के उच्च आदर्श हमेशा दिलों में संजोये रखना चाहिये। उन्होंने इस अवसर पर देश की आजादी में योगदान देने वाले महापुरूषो के योगदान को याद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री भजनलाल ने जनहित में निर्णय लिये और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन के कल्याण के लिये प्रतिबद्व है।
समारोह में शहीद वीरांगनाओ को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने शारीरिक व्यायाम व विभिन्न प्रस्तुतियां दी। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने पर समाजसेवी, खेल, शिक्षा, राजकीय दायित्व निर्वहन आदि क्षेत्रों में 79 लोगों को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से झांकी प्रदर्शन हुआ।
मुख्य समारोह से पहले मंत्री श्री कुमावत ने शहीद स्मारक पहुंच कर पुष्प चक्र अर्पित कर देश की रक्षा के लिए प्राणों की आहुतियां देने वाले समस्त ज्ञात-अज्ञात शहीदों को नमन किया।
उदयपुर-
मुख्य अतिथि जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने ध्वज फहराकर सभी को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दी। इसके पश्चात मंत्री श्री खराड़ी ने परेड का निरीक्षण किया। पुलिस, एनसीसी, स्काउट व गाइड के छात्र-छात्राओं द्वारा मार्च पास्ट किया गया। समारोह में एडीएम प्रशासन श्री शैलेश सुराणा ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
समारोह में जिला प्रमुख श्रीमती ममता पंवार, विधायक श्री ताराचंद जैन, संभागीय आयुक्त श्री राजेंद्र भट्ट, आईजी श्री अजयपाल लांबा, जिला कलेक्टर श्री अरविंद पोसवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, शहीद परिजन सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी और शहरवासी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान मंत्री श्री खराड़ी ने उदयपुर के शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागौरी के पिता धर्मचन्द्र नागौरी व माता सुशीला नागौरी, शहीद मेजर मुस्तफा की माता श्रीमती फातिमा, शहीद अर्चित वर्डिया की माता बीना वर्डिया, शहीद रतनलाल मीणा की धर्मपत्नी पुष्पा देवी व मोहनलाल तेजावत की पत्नी श्रीमती शंकर देवी तेजावत को शॉल ओढ़ाकर व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
प्रतापगढ़-
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मोहनलाल सुखाडिया स्टेडियम में शुक्रवार को जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग मंत्री श्री हेमन्त मीणा ने ध्वज फहराया व मार्च पास्ट की सलामी ली। इसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री दीपेन्द्र सिंह राठौर द्वारा राज्यपाल का संदेश वाचन किया गया। समारोह में मार्च पास्ट, नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मुख्य अतिथि उद्बोधन, पीटी प्रदर्शन, सामूहिक नृत्य, पुरस्कार वितरण, झांकी प्रदर्शन आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग मंत्री ने समस्त जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण में राजस्थान के भविष्य की परिकल्पना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार दोहरी गति से कार्य करेगी।
समारोह में नगर परिषद सभापति श्रीमती रामकन्या गुर्जर, जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया, जिला पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
अलवर-
वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह हर्षाेल्लास से मनाया गया। श्री शर्मा ने ध्वज फहराकर मार्च पास्ट की सलामी ली तथा उल्लेखनीय कार्य करने वाली 45 प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
समारोह में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री ने कहा कि हमारे उत्कृष्ट संविधान के कारण ही भारतवर्ष विश्व में सबसे मजबूत गणराज्य के रूप में जाना जाता है। समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा युद्ध में शहीद हुए सैनिक की वीरांगना का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम श्री मुरारी लाल शर्मा ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों की ओर से 11 झॉकियों का प्रदर्शन किया गया। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन किया गया।
चितौडगढ़-
जिले में 75 वें गणतंत्र दिवस पर इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री श्री गौतम कुमार दक ने ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। परेड कमांडर अनिल पांडे के नेतृत्व में एमबीसी, राजस्थान पुलिस, होमगार्ड सहित अलग-अलग स्कूलों की टुकड़ियों की परेड आयोजित हुई।
समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री राकेश कुमार ने राज्यपाल के संदेश का वाचन किया।गौतम कुमार दक, जिला कलक्टर आलोक रंजन और पुलिस अधीक्षक श्री राजन दुष्यंत ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कुल 62 अधिकारियों, कर्मचारियों, पत्रकारों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों आदि को सम्मानित किया। इस अवसर पर चित्तौड़गढ़ विधायक श्री चंद्रभान सिंह आक्या, जिला प्रमुख श्री भूपेंद्र सिंह बडोली, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री धायगुड़े स्नेहल नाना, पूर्व उपजिला प्रमुख श्री मिट्ठूलाल जाट, भूमि विकास बैंक अध्यक्ष श्री बद्रीलाल जाट, प्रधान श्री देवेंद्र कंवर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी उपस्थित रहे।
सीकर-
गणतंत्र दिवस समारोह 2024 में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा ने ध्वज फहराकर परेड का निरीक्षण किया तथा संयुक्त मार्च पास्ट की सलामी ली। अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री ओमप्रकाश बिश्नोई ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
श्री झाबर सिंह खर्रा ने सभी को 75वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारे संविधान में नागरिकों के अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी उल्लेख है, जिनका हमें बोध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हम अपने नागरिक कर्तव्यों को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होने पर देश को विकसित राष्ट्र बनाकर देश की आजादी में मुख्य भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दे पाएंगे।
समारोह में वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 69 व्यक्तियों को भी प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में सीकर सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, धोद विधायक श्री गोरधन वर्मा, सीकर विधायक श्री राजेंद्र पारीक, संभागीय आयुक्त डॉ मोहनलाल यादव, आईजी श्री सत्येंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
बूंदी-
75 वे गणतंत्र दिवस पर ऊर्जा राज्यमंत्री श्री हीरालाल नागर ने पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में ध्वज फहराया। इसके बाद परेड़ का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। मार्च पास्ट में आरएसी, पुलिस,महिला पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, स्काउट गाइड ने भागीदारी की। समारोह में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए राज्यमंत्री श्री नागर ने 57 प्रतिभाओं को सम्मानित किया। समारोह में विभिन्न विभागों की झांकियां निकाली गई।
सिरोही-
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह, 2024 हर्ष, उमंग और उत्साह से मनाया गया। अरविंद पेवेलियन में आयोजित मुख्य जिला स्तरीय समारोह में प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज ,आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्यमंत्री श्री ओटाराम देवासी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली।
अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. भास्कर विश्नोई ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। मुख्य अतिथि द्धारा उत्कृष्ट कार्य करने वालो को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर शुभम चौधरी, जिला पुलिस ज्येष्ठा मैत्री, जिला प्रमुख अर्जुन राम पुरोहित, जिला स्तरीय अधिकारी समेत अन्य जनप्रतिधिगण मौजूद थे।
नागौर
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह जिला स्टेडियम में हर्षाेल्लास से मनाया गया। मुख्य अतिथि सार्वजनिक निर्माण राज्य मंत्री डॉ मंजू बाघमार ने जिला स्तरीय समारोह में ध्वज फहराकर मार्च पास्ट की सलामी ली।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री अशोक कुमार योगी ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य मंत्री डॉ मंजू बाघमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम संविधान निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें, जिनकी दूरदृष्टि एवं ज्ञान के कारण बिना भेदभाव व पक्षपात के देश का हर नागरिक अपनी स्वतंत्रता एवं सत्ता को अनुभव करता है। राज्यमंत्री ने कहा कि हमें देश को हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने का प्रयत्न करना होगा।
इस अवसर पर जिला स्तरीय समारोह के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए जिसके तहत स्कूली छात्र-छात्राओं ने व्यायाम प्रदर्शन तथा देशभक्ति पूर्ण गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति दी।
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री डॉ मंजू बाघमार एवं जिला कलेक्टर डॉ अमित यादव ने द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 22 नागरिकों एवं 52 अधिकारियों व कार्मिकों को पारितोषिक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा शहीदों की वीरांगनाओं व परिवारजनों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव, जिला पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस, अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री अशोक कुमार योगी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी कार्मिक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भीलवाड़ा-
जिले भर में 75 वां गणतंत्र दिवस गरिमामय एवं उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह शुक्रवार को पुलिस लाईन मैदान मे आयोजित हुआ जिसमें मुख्य अतिथि राजस्व राज्य मंत्री श्री विजय सिंह ने ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के उपरांत मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी ली।
इस दौरान मुख्य अतिथि श्री विजय सिंह ने आमजन को संबोधित करते हुए वस्त्रनगरी भीलवाड़ा के सभी नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। समारोह में सांसद श्री सुभाष बहेड़िया, विधायक श्री अशोक कोठारी, जिला प्रमुख श्रीमती बरजी देवी, जिला कलक्टर श्री नमित मेहता, जिला पुलिस अधीक्षक श्री श्याम सिंह, नगर परिषद सभापति श्री राकेश पाठक, श्री प्रशान्त मेवाड़ा, एडीएम प्रशासन श्री रतन कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन श्री रतन कुमार ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
बाड़मेर-
75वें गणतन्त्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री श्री के.के. विश्नोई ध्वज फहराकर परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली।
इस अवसर पर उन्होंने 75वें गणतन्त्र दिवस पर सभी को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि आज ही के दिन हमने देश के संविधान को अंग्रीकृत किया था। आज का दिन हम सभी के लिए लोकतांत्रिक आजादी दिलाने वालों को याद करने का है। उन्होने कहा कि संविधान निर्माताओं की कल्पना के अनुरूप देश चले और आगे बढ़े।
मार्च पास्ट में राजस्थान पुलिस, राजस्थान महिला पुलिस, अरबन होमगार्ड, एन.सी.सी. केडेट्स, स्कॉउट रोवर दल एवं एन.सी.सी. गर्ल्स दल शामिल हुए। इसके पश्चात् अतिरिक्त जिला कलेक्टर हेमेन्द्र नागर द्वारा राज्यपाल के सन्देश का पठन किया गया। पुलिस विभाग के बैण्ड दल की प्रस्तुति के बाद स्थानीय शिक्षण संस्थाओं के बालक-बालिकाओं के द्वारा व्यायाम प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि द्वारा जिले के स्वतत्रंता सैनानियों एवं शहीदों के परिजनों का सम्मान किया गया। इसी कड़ी में मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी, जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी, नगर परिषद सभापति दीपक माली, जिला कलेक्टर अरूण कुमार पुरोहित, जिला पुलिस अधीक्षक दीगंत आनंद, जन प्रतिनिधि, जिले के शहीदों एवं स्वतन्त्रता सैनानियों के परिजन तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।
भरतपुर-
जिलेभर में 75 वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि गृह, गोपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म ने ध्वज फहराकर मार्च पास्ट की सलामी ली।
समारोह में राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) श्री कमलराम मीना ने किया। उत्कृष्ट कार्यों के लिए चयनित 73 छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में नगर निगम उपमहापौर गिरीश चौधरी, सम्भागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा, पुलिस महानिरीक्षक रूपिन्दर सिंह, जिला कलक्टर लोक बंधु, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं समाज के विभिन्न वर्गो के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
श्रीगंगानगर-
75 वें गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह शुक्रवार सुबह डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय के खेल प्रांगण में समारोहपूर्वक आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि जिला कलक्टर श्री अंशदीप द्वारा प्रातः 9.05 बजे ध्वज फहराया गया।
मुख्य समारोह में जिला कलक्टर श्री अंशदीप ने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। मार्च पास्ट में आरएसी, राजस्थान पुलिस, महिला पुलिस, बार्डर होमगार्ड, अरबन होमगार्ड, एनसीसी सीनियर छात्र-छात्रा, हिन्दुस्तान स्काउट की टुकडियों ने भाग लिया। एडीएम प्रशासन श्री अरविंद कुमार जाखड़ ने राज्यपाल का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का पठन किया।
कार्यक्रम में जिला प्रमुख श्री कुलदीप इंदौरा, जिला परिषद के सीईओ श्री मृदुल सिंह, यूआईटी सचिव श्री कैलाशचंद्र शर्मा, नगरपरिषद आयुक्त श्री यशपाल आहूजा सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
करौली-
75वें गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह मंुशी त्रिलोकचन्द माथुर स्टेडियम में आयोजित किया गया जहां मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने ध्वज फहराकर परेड का निरीक्षण किया तथा मार्चपास्ट की सलामी ली।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने पर जिले की 33 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध मे झांकियों को प्रदर्षन भी किया
जैसलमेर
75 वां गणतंत्र दिवस शुक्रवार को जिले भर में हर्षोल्लासपूर्वक व गरिमामय ढंग से मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह सोनार दुर्ग की तलहटी में स्थित शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ जिसमें मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर श्री प्रताप सिंह ने ध्वज फहराया एवं खुली जिप्सी में परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।
कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक श्री छोटूसिंह भाटी व पुलिस अधीक्षक श्री विकास संागवान ने गणतंत्र दिवस पर बधाई दी एवं उन्होंने इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 43 लोगों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम ने समारोह में राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
गणतंत्र दिवस समारोह में जिला प्रमुख प्रतापसिंह सोलंकी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार, उपखण्ड अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़ सहित विभिन्न अधिकारी तथा जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
सांचौर
जिले में 75 वां गणतंत्र दिवस समारोह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सांचौर के खेल मैदान में हर्षाेल्लास से बनाया गया। जिला कलेक्टर पूजा पार्थ ने जिला स्तरीय समारोह में ध्वज फहराकर मार्च पास्ट की सलामी ली।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री चंद्रशेखर भंडारी ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। समारोह में मुख्य अतिथियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले नागरिकों को पारितोषिक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांचौर विधायक श्री जीवाराम चौधरी, जिला पुलिस अधीक्षक श्री सागर राणा, सांचौर उपखंड अधिकारी श्री राकेश कुमार सहित अधिकारी-कार्मिक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
झालावाड़-
मुख्य अतिथि जिला कलक्टर श्री अजय सिंह राठौड़ ने शुक्रवार को पुलिस परेड ग्राउण्ड श्री जीमेहमी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी तथा परेड का निरीक्षण किया।
राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेश कुमार मालव ने किया। वहीं जिले के शहीदों के परिजनों का सम्मान भी किया गया। इसके पश्चात् मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 45 प्रतिभाओं को प्रशस्ति-पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में झालावाड़-बारां सांसद श्री दुष्यन्त सिंह, जिला प्रमुख प्रेम बाई दांगी, नगर परिषद् झालावाड़ के सभापति संजय शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हनुमानगढ़-
मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर श्री काना राम ने ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
ध्वजारोहण करने के बाद राष्ट्रगान का आयोजन हुआ। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। विशिष्ट कार्य करने पर 41 गणमान्य व्यक्तियों का मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
75 वां गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर श्री निधि बी टी ने ध्वज फहराकर मार्च पास्ट की सलामी ली एवं परेड का निरीक्षण किया। अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन ब्रह्मलाल जाट ने राज्यपाल के प्रदेश के नाम संदेश पढ़कर सुनाया।
गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। इस अवसर पर शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर जिला कलक्टर ने सम्मानित किया गया।
समारोह में धौलपुर विधायक श्रीमती शोभारानी कुशवाह, जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार, नगर परिषद सभापति धौलपुर श्रीमती खुशबू सिंह सहित सभी अधिकारी कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
चूरू-
जिला कलक्टर पुष्पा सत्यानी ने ध्वज फहराया। इस दौरान विधायक श्री हरलाल सहारण, पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़, चूरू नगरपरिषद सभापति पायल सैनी, पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण नायक नूनावत सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी नागरिक, विद्यार्थी मौजूद रहे।
अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री उत्तमसिंह शेखावत ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। 53 अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं नागरिकों को प्रशस्ति पत्रा प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने शहीद वीरांगनाओं का शॉल ओढाकर सम्मान किया।
मुख्य समारोह से पूर्व जिला कलक्टर ने शहीद स्मारक स्थल पर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धाजंलि अर्पित की।
शाहपुरा-
मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर श्री टीकम चन्द बोहरा ने ध्वज फहराकर मार्चपास्ट की सलामी ली।
अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री मुकेश कुमार मीणा ने राज्यपाल के सन्देश का पठन किया।
समारोह में जिले की शहीद वीरांगनाओं को मुख्य अतिथि द्वारा शॉल उढाकर कर सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान राजस्थानी घूमर सहित अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।
समारोह में स्थानीय विधायक श्री लालाराम बैरवा, ज़िला पुलिस अधीक्षक श्री विनीत बंसल, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण, शहीदों की वीरांगनाएं उपस्थित रहे।
केकड़ी-
जिला स्तरीय समारोह में जिला कलक्टर श्रीमती श्वेता चौहान ने ध्वज फहराकर मार्चपास्ट की सलामी ली। राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री दिनेश धाकड़ ने किया।
जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 41 व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधान श्री होनहार सिंह राठौड़, नगर परिषद अध्यक्ष श्री कमलेश साहू, जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी सहित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
डीग-
जिला कलेक्टर श्री शरद मेहरा ने ध्वज फहराकर एवं परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 24 लोगों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री रणजीत गोदारा ने समारोह में राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
गणतंत्र दिवस समारोह में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।
डूंगरपुर-
जिले में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। शहर के ऐतिहासिक लक्ष्मण मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि जिला कलक्टर श्री अंकित कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। उन्होंने इसके बाद परेड का निरीक्षण किया और परेड कमांडर पुलिस निरीक्षक भुवनेश चौहान के नेतृत्व में प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली। अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कुलराज मीणा ने राज्यपाल श्री कलराज मिश्र का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का पठन किया।
जिला कलक्टर श्री अंकित कुमार सिंह ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों व वीरांगनाओं में श्रीमती नवल बाई, श्रीमती रूपली बाई, श्रीमती राजू देवी एवं श्रीमती पार्वती रोत को श्रीफल भेंट कर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
गंगापुर सिटी-
भारत गणराज्य का 75वाँ एवं जिले के रूप में गंगापुर सिटी का पहला गणतंत्र दिवस समारोह जिला कलक्टर डॉ. गौरव सैनी के मुख्य आतिथ्य में हर्षाेल्लास, देशप्रेम की भावना एवं पूर्ण गरिमा के साथ शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मनाया गया। मुख्य अतिथि ने ध्वज फहराकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और परेड का निरीक्षण कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री हरिराम मीना ने राज्यपाल श्री कलराज मिश्र का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़ा। साथ ही स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा राष्ट्रभक्ति की भावना से परिपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं एवं विभिन्न विभागों द्वारा रंगारंग झांकिया निकाली गई।
कोटपूतली-बहरोड-
गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज, कोटपूतली मे हर्षाेल्लास व धूमधाम से मनाया गया। 75 वें गणतंत्र दिवस पर सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों, संस्थाओं और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित समारोह मे मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती कल्पना अग्रवाल ने झंडा फहराया गया। इसके बाद परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट का सलामी दी। साथ ही कार्य करने वाले 32 लोगों को जिला स्तरीय मुख्य समारोह में सम्मानित किया गया।
मार्च पास्ट के बाद अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री योगेश कुमार डागुर ने राज्यपाल का संदेश पढ़ कर सुनाया। इस दौरान कोटपूतली विधायक श्री हंसराज पटेल भी उपस्थित रहे।
जिले में विभिन्न क्षेत्रों में रचनात्मक कामों में विशेष योगदान देने वाले 32 व्यक्तियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वीरांगनाएं तथा पत्रकारों सहित प्रशासनिक कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
खैरथल-तिजारा-
गणतंत्र दिवस समारोह शुक्रवार को जिला कलक्टर श्री हनुमान मल ढाका के मुख्य आतिथ्य में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरथल में हर्षाेल्लास से मनाया गया। मुख्य अतिथि ने ध्वज फहराकर परेड का निरीक्षण किया।
जिला कलक्टर ने कलक्टर निवास पर ध्वज फहराकर किया तत्पश्चात जिला सचिवालय खैरथल तिजारा में भी ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय गान का आयोजन किया गया।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री सुरेंद्र सिंह यादव ने राज्यपाल के भाषण का पठन किया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जवाहर नवोदय विद्यालय खैरथल के विद्यार्थियों ने हम फौजी इस देश की धड़कन है, राजकीय महाविद्यालय खैरथल की छात्राओं ने राजस्थानी लोक नृत्य घूमर, एंजल अकैडमी खैरथल के विद्यार्थियों द्वारा हरियाणवी लोक नृत्य पानी छलके तथा विभिन्न लोक गीतों को प्रदर्शित किया।
बारां-
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस 2024 के अवसर पर कृषि उपज मंडी समिति प्रांगण में जिला स्तरीय मुख्य समारोह उत्साह, उमंग व हर्षाेल्लास से मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने ध्वज फहराकर परेड का निरीक्षण किया।
परेड सलामी व मार्च पास्ट
समारोह में जिला कलेक्टर श्री रोहिताश्व सिंह तोमर को परेड कमांडिग इंस्पेक्टर ने सलामी दी, इसके बाद आरएसी दल, राजस्थान पुलिस दल, राजस्थान गृह रक्षा दल, एनसीसी विंग, जनजाति स्काउट दल, जनजाति गाइड दल, स्काउट दल, स्टूडेंट पुलिस केडेट ने मार्च पास्ट निकालकर सलामी दी। राजस्थान पुलिस ब्रास बैण्ड ने मधुर स्वर लहरियों पर आकर्षक प्रस्तुति दी।
समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री एसएन आमेटा ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया।
समारोह में जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर द्वारा स्वतंत्रता सैनानी को शॉल व श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
नीमकाथाना-
जिला कलेक्टर श्रुति भारद्वाज ने 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नेहरू पार्क में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने इसके बाद परेड का निरीक्षण किया और सलामी गार्ड द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली।
उल्लास, उमंग और उत्साह से मनाए गए गणतंत्र दिवस पर्व में समारोह स्थल पर पुलिस, आरएसी, एनसीसी एवं स्काउट गाइड आदि की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया।
समारोह में स्कूली छात्र छात्राओं के द्वारा पीटी परेड की प्रस्तुति की गई । स्कूल एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा मनभावन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए
इससे पहले जिला कलक्टर श्रुति भारद्वाज ने 75वें गणतंत्र दिवस पर शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया और मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
फलोदी-
75 वां गणतंत्र दिवस फलौदी में धूमधाम से समारोहपूर्वक मनाया गया। मेज़र शैतान सिंह स्टेडियम में आयोजित जिलास्तरीय समारोह में जिला कलक्टर श्री हरजीलाल अटल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड निरीक्षण किया, मार्चपास्ट की सलामी ली और श्री पोकर राम को पर्यावरणीय दशा में सुधार लाने,श्री गजेन्द्र पालीवाल को आयुष्मान भारत कार्ड ई केवाईसी,श्री शैलेन्द्र सिंह पूनिया वरिष्ठ सहायक को नव गठित जिला कलक्टर कार्यालय सुव्यवस्थित करने में अहम भूमिका निभाने सहित 29 जनों को उत्कृष्ट कार्यों एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री केआर खोड़ ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.





