राजस्थान में एक के बाद एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने का सिलसिला जारी है। रविवार देर शाम राजस्थान उत्तर-पश्चिम इलाके में एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के इलाकों में बारिश हुई। आंधी-बारिश के साथ कई जगह बिजली चमकी। मौसम में हुए इस बदलाव से इन शहरों में दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे आ गया।
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक इस सिस्टम का प्रभाव आज भी उत्तर-पश्चिम राजस्थान के जिलों में देखने को मिलेगा। बीकानेर संभाग के जिलों में आज भी आसमान में बादल छाने के साथ दिन में धूलभरी हवा चल सकती है और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़ जिले के अलावा आज सुबह बीकानेर और जैसलमेर के कुछ हिस्सों में सुबह हल्के बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने आज इन जिलों के अलावा चूरू, नागौर, जोधपुर और बाड़मेर में भी दोपहर बाद धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में 30 से 40KM प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
सामान्य से नीचे रहा दिन का तापमान
राजस्थान में लगातार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से इस महीने गर्मी कंट्रोल में रही। अधिकांश समय पश्चिमी राजस्थान के शहरों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहा। रविवार को भी जोधपुर, जैसलमेर, चूरू, गंगानगर, बीकानेर में अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। कल सबसे ज्यादा 41 डिग्री सेल्सियस तापमान कोटा में दर्ज हुआ।
बाड़मेर, फलोदी, धौलपुर, डूंगरपुर, करौली और जालोर में कल दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर, अजमेर, सीकर, उदयपुर, हनुमानगढ़ में अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
4 मई से फिर बदल सकता है मौसम
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक राजस्थान में कल से मौसम साफ होने लगेगा, जो अगले 3 दिन रहेगा। 4 मई को एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस फिर से राजस्थान पर एक्टिव होगा। इस सिस्टम के प्रभाव से जयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के जिलों में बादल छाने के साथ धूलभरी हवा चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
अजमेर 38.3 26.3
भीलवाड़ा 39.4 19.6
अलवर 39.6 23
जयपुर 38.4 25.7
पिलानी 39.3 23.7
सीकर 38 20
कोटा 41 26.9
चित्तौड़गढ़ 39 23.6
उदयपुर 38 22.6
धौलपुर 40.6 23.1
बारां 39.8 20.7
डूंगरपुर 40.3 25.2
सिरोही 38.2 22
करौली 40.1 20.9
बाड़मेर 40.4 28.2
पाली 37 22.8
जैसलमेर 38.4 26
जोधपुर 39 24
बीकानेर 38.4 25.4
चूरू 38.8 25.3
गंगानगर 38.5 23.3
हनुमानगढ़ 37.2 22.8
जालोर 40.2 25.6






