लड़की से मिलने गए तीन युवकों से मारपीट का मामला सामने आया है। गांव के लोगों ने युवकों को घेरकर जमकर पीटा। यहां तक कि एक युवक की नाक काटने की भी कोशिश की गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। जांच में एएसआई की भी लापरवाही सामने आने पर उसे निलंबित कर दिया गया है।
मामला जोधपुर के फलोदी जिले के एक गांव का है। जानकारी अनुसार गांव की एक 22 साल की लड़की से गुरुवार रात तीन युवक गाड़ी में मिलने गए थे। इस बारे में गांव के लोगों को पता चल गया था। युवकों के पहुंचते ही गांव के लोगों ने उन्हें घेर लिया और पीटना शुरू कर दिया। युवकों के साथ लाठियों के साथ जमकर मारपीट की गई। पिटाई करने वाले 12 से ज्यादा लोग थे।
तीन युवकों को पकड़ा था
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीन युवकों को सुखराम पुत्र अर्जुन राम विश्नोई निवासी, सुनील पुत्र करनाराम बिश्नोई, वीरेंद्र पुत्र मांगीलाल बिश्नोई निवासी को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सामने आया है कि पकड़े गए युवक पीटने वाले थे। मारने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
मारपीट का वीडियो सामने आने पर लिया संज्ञान
फलौदी एसपी पूजा अवाना ने बताया कि घटना गुरुवार रात की है और वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में गाड़ी में बैठे युवकों पर कुछ लोग लाठी से मारपीट करते नजर आ रहे है। वीडियो के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है।
जांच में सामने आया कि एएसआई भंवरलाल मौके पर पहुंचे थे। मामले में उनकी लापरवाही सामने आने पर रेंज आईजी विकास कुमार ने उन्हें निलंबित कर दिया।
फलौदी एसपी पूजा अवाना ने बताया कि गांव में मारपीट की सूचना मिली थी। गांव वालों ने लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की। तीन युवकों को शांति भंग में गिरफ्तार किया गया था।
दोनों पक्षों की ओर से मामले को लेकर कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है जांच के बाद यह पता चल सकेगा कि युवक किस उद्देश्य के साथ आए थे।






