कोटा के रेलवे कॉलोनी इलाके में एक मजदूर की, उसके ही साथी मजदूर ने सिर पर लाठी मारकर हत्या कर दी। वारदात 29 मई की है, जिसके बाद घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। रेलवे कॉलोनी थाने के एसआई राम सिंह ने बताया कि मोहम्मद रमजान (46) मूल रूप से बिहार का रहने वाला था जो कि कोटा में रहकर मजदूरी करता था।
रेलवे के प्लेटफार्म नंबर चार पर चल रहे काम में वह मजदूरी कर रहा था। उसके साथ पप्पू नामक मजदूर भी काम करता था। पप्पू प्लेटफार्म नंबर चार के बाहर मजदूरी करने के बाद चाय-तंबाकू भी बेचता था। मोहम्मद रमजान ने उससे 45 रुपए का सामान खरीदा था, जिसके बीस रुपए वह दे चुका था। बाकी 25 रुपए देने थे। इस बात को लेकर दोनों के बीच 29 मई को झगड़ा हो गया। आक्रोश में आकर रुपए मांगते हुए पप्पू ने रमजान के सिर पर लाठी से वार कर दिया। सिर में उसके गंभीर चोट आई।
जिसके बाद उसे एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। इसके बाद निजी अस्पताल भी रेफर किया गया लेकिन रमजान को बचाया नहीं जा सका। शनिवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवा दिया है और मामले में जांच कर रही है।






