Home » अंतर्राष्ट्रीय » दरगाह जाने की कहकर निकला, पाकिस्तान पहुंच गया:बॉर्डर से 2 KM दूर घर, 32 महीने बाद वतन वापसी; वाघा बॉर्डर से लौटा शब्बीर

दरगाह जाने की कहकर निकला, पाकिस्तान पहुंच गया:बॉर्डर से 2 KM दूर घर, 32 महीने बाद वतन वापसी; वाघा बॉर्डर से लौटा शब्बीर

दरगाह जाने की बात कहकर 25 साल का युवक शब्बीर घर से निकला। उसका घर बाड़मेर में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से 2 किलोमीटर दूर है। वह जब घर नहीं लौटा तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पता चला कि बेटा पाकिस्तान में है। 32 महीने बाद शब्बीर 2 दिन पहले वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत लौट आया है। दो दिन भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने उससे पूछताछ की। इसके बाद आज उसे परिवार के हवाले किया जाएगा।

सेड़वा थाना इंचार्ज दीप सिंह ने बताया- थाना इलाके के जानपालिया गांव के रहने वाले मुराद खान पुत्र इस्माइल ने 32 महीने पहले सेड़वा थाने में बेटे शब्बीर की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में मुराद ने बताया कि उसका 25 साल का बेटा शब्बीर अहमद 24 अक्टूबर 2021 की सुबह 8 बजे से गायब है।

शब्बीर घर में कहकर गया था कि वह नजदीकी गोहड़ का तला दरगाह जा रहा है। लेकिन वह दरगाह नहीं पहुंचा। घर से पाकिस्तान बॉर्डर 2 किलोमीटर की दूरी पर है, इसलिए परिजनों को चिंता हुई। पुलिस और परिवार के लोगों ने शब्बीर को काफी तलाशा लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा।

जानकारी के अनुसार एक वीडियो सामने आने के बाद पता लगा कि शब्बीर पाकिस्तान में है। सेड़वा थाना पुलिस ने तत्काल BSF के अधिकारियों से पत्र लिखकर शब्बीर के बारे में जानकारी मांगी। BSF के अधिकारियों ने पाकिस्तान की सेना के अधिकारियों से शब्बीर के बारे में बात की लेकिन उनकी ओर से शब्बीर के पाकिस्तान पहुंचने की पुष्टि नहीं की गई।

उधर, वीडियो सामने आने के बाद शब्बीर की पाकिस्तान से वतन वापसी के लिए परिजनों ने प्रशासन व सरकार से गुहार लगाई।

शबीर के मामा सुभान ने बताया- शब्बीर का दिमागी संतुलन ठीक नहीं था। इसलिए वह तारबंदी की तरफ चला गया होगा। तारबंदी क्रॉस करके पाकिस्तान पहुंच गया। वह शादीशुदा है और उसके दो बेटियां और एक बेटा है। उसके चले जाने के बाद से पत्नी फैनल, बच्चों और माता-पिता का बुरा हाल रहा।

उन्होंने बताया- हमें 31 मई को बाड़मेर एसपी ऑफिस से सूचना मिली कि 29 मई को शब्बीर की वाघा बॉर्डर (पंजाब) के रास्ते वतन वापसी हो चुकी है। परिवार को अमृतसर (पंजाब) बुलाया गया है। सेड़वा थाना पुलिस की एक टीम परिवार को लेकर अमृतसर पहुंची है। फिलहाल वहां पर डॉक्यूमेंट की कार्रवाई चल रही है। आज शब्बीर को परिवार के हवाले करेंगे।

जानकारी के अनुसार पंजाब में भारत की सुरक्षा एजेंसियों ने शब्बीर से पूछताछ की है। सेना के सूत्रों के अनुसार बाड़मेर के रेत के टीले हवा से खिसकते हैं। ऐसे में कहीं-कहीं तारबंदी के नीचे जगह बन जाती है। इसका फायदा उठाकर लोग तारबंदी के इस पार या उस पार चले जाते हैं। राजस्थान से गेमराराम भी इसी तरह पाकिस्तान गया था।

0
0

RELATED LATEST NEWS

Poola Jada

Top Headlines

एलपीजी गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता एवं निर्बाध आपूर्ति के लिए जिला प्रशासन सख्त:जितेंद्र कुमार सोनी

जिला कलक्टर डॉ.जितेन्द्र कुमार सोनी ने अधिकारियों को जारी किये दिशा निर्देश अवैध भंडारण,दुरुपयोग एवं कालाबाजारी पर सख्ती से अंकुश