उदयपुर/जयपुर(सुनील शर्मा)ऋषभदेव थाना अंतर्गत बिलख गडावत क्षेत्र में जल जीवन मिशन योजना के मजदूरों पर रात के समय अचानक हमला कर लूटपाट करने वाले पांच बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार आरोपी साहिल उर्फ सागर मीणा पुत्र लक्ष्मण,संजय मीणा पुत्र भगवान लाल,मनीष मीणा पुत्र गुंजारी लाल, अभिषेक मीणा पुत्र माणक लाल एवं अविनाश मीणा पुत्र राजकुमार स्थानीय युवक है।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि पटना के संबंध में 10 जून को जल जीवन मिशन योजना के ठेकेदार चरण सिंह द्वारा रिपोर्ट दी गई थी रात करीब 3:30 बजे वह मजदूरों के साथ ग्राम पंचायत भवन गडावत की छत पर सो रहा था।तभी अचानक 10-15 लोग अपने मुंह पर कपड़ा बांधकर हाथों में तलवार लेकर आए और डरा धमका कर करीब 15 हजार रुपये,मशीनों का रखा डीजल,फ्यूजन मशीन और मोबाइल ले गए।जाते हुए नीचे खड़ी उनकी बोलेरो कैंपर गाड़ी के शीशे फोड़ कर भाग गए।
एसपी गोयल ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल व सीओ राजीव राहर के सुपरविजन एवं एसएचओ ऋषभदेव घनश्याम सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि इस घटना के संदिग्ध कुछ युवक बिलख गडावत की पहाड़ियों पर बैठे हुए हैं।
इस सूचना पर पुलिस टीम ने पहाड़ी की घेराबंदी कर पांच आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।आरोपियों से पुलिस अग्रिम पूछताछ कर शेष आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।






