नौकरानी ने खाने में बेहोशी की दवा मिलाकर बिजनेसमैन के घर में लूट की है। परिवार के सदस्यों के बेहोश हो जाने के बाद देर रात उसने अपने 4 साथियों को बुलाया। पूरी रात घर की अलमारियां खंगाली और रुपए-गहने ले गई।
सुबह पड़ोसी ने बेटी को हाथ-पैर बंधे देखा तो दौड़कर गांधी के घर पहुंचे। इसके बाद परिवार के चारों लोगों को अस्पताल ले गए जहां उनका इलाज जारी है।

घटना उदयपुर के सुखेर थाना इलाके के न्यू मॉडर्न कॉम्प्लेक्स की सुबह 4.30 बजे की है। पुलिस को अंदेशा है कि युवती के साथी नेपाल के हो सकते हैं। ऐसे में, नेपाल पुलिस से भी मदद मांगी गई है।
4 साथियों को बुला कर घर खंगाला
उदयपुर SP योगेश गोयल ने बताया- लूट की घटना न्यू मॉडर्न कॉम्प्लेक्स में संजय गांधी के घर हुई है। प्राथमिक जानकारी में सामने आया कि किसी परिचित के कहने पर 1 माह पहले ही उन्होंने करिश्मा नाम की नौकरानी रखी थी। देर रात उस महिला ने गांधी परिवार के खाने में नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया। इसके बाद अपने 4 साथियों को बुलाकर लूट की है।
परिवार में उस वक्त संजय, उनकी पत्नी शिल्पा और बेटा शौर्य (10) बेटी नियोनिका (18) थे। कॉलोनीवासियों की सूचना पर यहां पहुंचे और संजय और उनकी पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बेटा और बेटी होश में हैं उनसे मामले को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। अभी कितना माल लूटा और क्या गायब है इसका खुलासा संजय और उनकी पत्नी के होश में आने पर हो पाएगा।
पुलिस के अनुसार, आस पास के लोगों ने युवती का नेपाली होना बताया है। ऐसे में पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी के साथी नेपाल से आए हो सकते हैं। इसके लिए नेपाल पुलिस से भी मदद ली जा रही है।
मुंह पर पट्टी थी, हाथ पैर बंधे थे
मकान के सामने रहने वाले न्यू मॉडर्न कॉम्प्लेक्स विकास समिति के अध्यक्ष विवेक सिंह राजावत ने बताया- सुबह 4 बजे वे टॉयलेट करने उठे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि सामने के घर में संजय गांधी की बेटी नियोनिका कुछ इशारों में कह रही थी। ध्यान से देखा तो बच्ची के हाथ-पैर बंधे थे और उसके मुंह पर पट्टी बंधी थी। मैं और मेरी पत्नी दौड़कर गांधी के घर पहुंचे।
राजावत और उनकी पत्नी भागकर पहुंचे और उसके मुंह से पट्टी हटाई। इसके बाद रस्सियां खोलने की कोशिश की तो नहीं खुली। पत्नी कैंची लेकर आई और रस्सियां काटनी पड़ी। गांधी की बेटी ने एक सांस में माजरा समझा दिया।
इसके बाद सोसाइटी सचिव हिमांशु मेहता भी आ गए। हमने अंदर जाकर देखा तो संजय, उनकी पत्नी शिल्पा और बेटा शौर्य फर्श पर बेहोश पड़े थे। घर की बेडशीट और अन्य रस्सियों के सहारे पूरे परिवार को बांधा गया था। इसके बाद सुखेर थाने में सूचना दी। इसके बाद चारों सदस्यों को अस्पताल पहुंचाया गया।
CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही SP योगेश गोयल, एएसपी उमेश ओझा, डिप्टी एसपी कैलाश चंद और सुखेर थानाधिकारी हिमांशु सिंह यहां पहुंचे हैं। आस पास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही घर में मौजूद CCTV को चेक किया जा रहा है। आरोपियों ने वारदात से पहले ही इनमें छेड़छाड़ कर दी थी। पुलिस को घर का एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। इसमें 12.30 बजे कुछ लोगों का मूवमेंट नजर आ रहा है। अंदेशा जताया जा रहा है कि ये आरोपी करिश्मा के साथी हो सकते हैं।





