जयपुर में आज सुबह 6 बजे कार और ट्रक की टक्कर में आठ लोग घायल हो गए। घटना रेनवाल जोबनेर सड़क मार्ग पर हुई। प्राथमिक उपचार के बाद गम्भीर रूप से घायल हुए दो घायलों को डॉक्टर ने जयपुर रेफर कर दिया। जिसे 108 एम्बुलेंस की मदद से जयपुर एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे एएसआई प्रहलाद बाजिया ने बताया- कार में आठ लोग सवार थे। जो मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। खाटूश्याम के दर्शन करके मध्य प्रदेश लौट रहे थे। रेनवाल जोबनेर मुख्य सड़क पर सामने से आ रहे ट्रक और कार में भिड़ंत हो गई। इसमें कार सवार आठ लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से रेनवाल उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो घायलों की तबीयत ज्यादा खराब होने पर डॉक्टर ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया है।
घायलों में मध्य प्रदेश में इंदौर के रहने वाले योगेश कुमार (32), मंजू बाई (60), सुधीर कुमार (22), शगुन बाई (64), कविता बाई (38), रीता बाई (42),पायल (20), विवेक कुमार(18) वर्ष शामिल थे। पुलिस ने इनके परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दे दी हैं। हालांकि मंजू बाई और कविता बाई के अलावा सभी को सामान्य चोट लगी हैं। जिनका रेनवाल उप जिला अस्पताल में उपचार चल रहा हैं।
दर्शन कर वापस लौट रहे थे
प्रारम्भिक पूछताछ में सामने आया है कि ये सभी लोग 14 तारीख को एमपी इंदौर से खाटू श्याम दर्शन के लिए निकले थे। आज सुबह ही ये लोग जल्द एमपी के लिए रवाना हो गए थे। लेकिन रास्ते में दुर्घटना होने और कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने पर इन्हें स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दे दी गई हैं।





