सब्जी से भरी पिकअप तेज स्पीड में सड़क किनारे खड़े कंटेनर के पीछे जा घुसी। पिकअप में सवार सगे भाई स्टेरिंग में फंस गए। दोनों को एक घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, जिसमें से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घायल को अजमेर के जेएलएन हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। हादसा मांगलियावास के तबीजी गैस प्लांट के सामने हुआ।
सड़क पर बिखरी सब्जी की बोरियां
सब्जी से भरी पिकअप जयपुर से ब्यावर की तरफ जा रही थी। तेज स्पीड में आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में सड़क किनारे खड़े एक 14 चक्का कंटेनर के पीछे जा घुसी। पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पिकअप में भरी सब्जी की बोरियां 200 मीटर दूर जा गिरी।
पिकअप चालक जवाजा के भेरू खेड़ा निवासी सांवरलाल (18) पुत्र त्रिलोक माली और उसका बड़ा भाई नीरज पुत्र त्रिलोक पिकअप की स्टेरिंग में फंस गए। हादसे की सूचना पर मांगलियावास थाने से एएसआई हुकम सिंह राठौड़, कॉन्स्टेबल हेमराज ढाका जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कंटेनर में फंसी पिकअप को अन्य वाहन की मदद से बांधकर बाहर निकाला।
जेएलएन हॉस्पिटल में भर्ती घायल
पिकअप की स्टेरिंग में फंसे दोनों सगे भाइयों को क्षतिग्रस्त पिकअप को दो अन्य वाहन से बांधकर अलग किया। एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों सगे भाइयों को बाहर निकाला जा सका। छोटे भाई सांवरलाल की मौत हो गई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दूसरे घायल भाई अजमेर जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। मांगलियावास पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजन को सुपुर्द किया। हादसे को लेकर मृतक के चाचा संपत लाल की रिपोर्ट दी। पुलिस जांच में जुटी है।






