*करौली/जयपुर (सुनील शर्मा)* जिले की स्पेशल टीम ने फायरिंग के मामले में 6 महीनो से फरार थाना सदर में वांछित हिस्ट्रीशीटर आरोपी गब्बर सिंह मीना पुत्र हंसराम निवासी पाटौरन थाना सदर को उसके गांव में दबिश देकर दस्तयात कर लिया।पुलिस को देख आरोपी ने खेतों में होकर भागने की काफी कोशिश की थी।
एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि जिले की स्पेशल टीम को आपराधिक गिरोहों व वांछित अभियुक्तों की निगरानी तथा इनकी गिरफ्तारी के लिए कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है।आरोपी गब्बर सिंह मीना फायरिंग के मामले में थाना सदर करौली में 6 महीनों से वांछित चल रहा था।जिसकी गिरफ्तारी के लिए उनके कार्यालय से ₹5000 के इनाम की घोषणा की हुई है।
आसूचना संकलन के दौरान डीएसटी प्रभारी धारा सिंह को आरोपी के तीन-चार दिन से अपने गांव में ही होने की जानकारी मिली।सूचना पर टीम को लेकर आरोपी के गांव पाटौरन में उसके घर पहुंचे।पुलिस टीम को देख आरोपी ने घर से खेतों में होकर भागने का प्रयास किया।जिसे डीएसटी के कांस्टेबल नेमी चंद व रन्नों सिंह ने काफी दूर पीछा कर बड़ी मुश्किल से काबू किया।आरोपी हिस्ट्रीशीटर के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में 10 गंभीर प्रकृति के आपराधिक प्रकरण दर्ज है।





